बाराबंकी कलेक्ट्रेट में एक्सपायरी छाछ बेचने का आरोप, अधिवक्ताओं का हंगामा; खाद्य विभाग ने शुरू की जांच
बाराबंकी जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित मदर डेयरी बूथ पर एक्सपायरी डेट की छाछ बेचे जाने का मामला सामने आया है। गुरुवार देर शाम इस घटना की जानकारी मिलने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं ने जमकर हंगामा किया और बूथ संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
आरोप है कि बूथ से खरीदी गई छाछ की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी, जिसके बावजूद उसे ग्राहकों को बेचा जा रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही अधिवक्ताओं ने विरोध जताते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मदर डेयरी बूथ का निरीक्षण किया और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। टीम ने उपलब्ध खाद्य उत्पादों की जांच के साथ आवश्यक दस्तावेज भी खंगाले।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बूथ से खाद्य सामग्री के नमूने लिए जा रहे हैं। इन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि एक्सपायरी उत्पाद बेचने की पुष्टि होती है तो संबंधित नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिवक्ताओं का कहना है कि कलेक्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में यदि एक्सपायरी खाद्य पदार्थ बेचे जा रहे हैं, तो यह गंभीर लापरवाही है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।
फिलहाल, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है।