×

Aligarh   के थाना हरदुआगंज क्षेत्र में गांव भोजपुर के पास हुआ हादसा, गंभीर को मेडिकल कालेज किया गया रेफर

 
उत्तर प्रदेश न्यूज डेस्क !!!अलीगढ़ के थाना हरदुआगंज इलाके में गांव भोजपुर के पास बाइक से दूध लेकर जा रहे दो दूधिए नीलगाय से टकरा गए। नीलगाय से टक्कर होने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे जेएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है।

शाम को बाइक से निकले थे दूध बांटने

हरदुआगंज क्षेत्र के थाना सिकंदरपुर निवासी देवेंद्र दूधिया है। शुक्रवार शाम 5 बजे वह अपने साथी सिकंदरपुर निवासी विकास पुत्र भूरी सिंह के साथ दूध बांटने के लिए निकला था। दोनों गांव भोजपुर के पास ही पहुंचे थे कि लगभग 5:30 बजे यह हादसा हो गया। जिसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। जिसके बाद दोनों को अस्पताल भेजा गया।

देवेंद्र के सिर में आई है गंभीर चोट

जिला अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने दोनों का इलाज शुरू किया, जिसके बाद विकास की स्थिति कुछ सामान्य है, वहीं देवेंद्र के सिर में चोट होने के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और रो-रो कर उनका बुरा हाल हो गया।