×

नोएडा में पढ़ने वाली युवती ने दर्ज कराई FIR, वर्चुअल नंबर से एक साल से परेशान करने का आरोप

 

वाराणसी से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां रोहनिया थाने में नोएडा में पढ़ाई कर रही एक युवती ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। युवती ने एक युवक पर लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता का आरोप है कि रामेश्वर पांडेय नाम का युवक उसे पिछले लगभग एक साल से वर्चुअल नंबर के जरिए लगातार परेशान कर रहा था। युवती का कहना है कि आरोपी न केवल उसे कॉल और मैसेज कर परेशान करता था, बल्कि उसके परिवार और दोस्तों को भी गलत और आपत्तिजनक संदेश भेजता था।

युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि जब वह इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही थी, तभी उसकी पहचान रामेश्वर सिंह (आरोपी) से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत थी, लेकिन बाद में हालात बदल गए। पीड़िता के अनुसार, जुलाई 2025 में आरोपी उस पर शादी का दबाव बनाने लगा, जिसके बाद उसने उससे सभी संबंध खत्म कर दिए।

संबंध खत्म करने के बाद भी आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं। पीड़िता का आरोप है कि वह अलग-अलग वर्चुअल नंबरों से उसे लगातार कॉल और मैसेज कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसके परिजनों और दोस्तों को भी गलत और भ्रामक संदेश भेजकर उसकी छवि खराब करने की कोशिश की।

लगातार परेशान किए जाने से तंग आकर युवती ने आखिरकार रोहनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। कॉल डिटेल्स और वर्चुअल नंबरों की ट्रैकिंग के जरिए आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षा का आश्वासन दिया है और कहा है कि दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।