वृंदावन में इस्कॉन मंदिर के बाहर करंट लगने से युवक की मौत, वाटर कूलर में फैला था करंट
मथुरा के वृंदावन में दर्शन करने आए 21 वर्षीय युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इस्कॉन मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर हुआ, जहां हीट वेव से राहत देने के लिए नगर निगम की ओर से वाटर स्प्रे कूलर लगाया गया था।
जानकारी के अनुसार, युवक अभिज्ञान गुप्ता कूलर के पास पहुंचा ही था कि अचानक उसमें करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश की और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में श्रद्धालु व स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। घटना को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि कूलर में करंट कैसे फैला।
फिलहाल प्रशासन ने संबंधित उपकरण को हटाकर जांच के आदेश दे दिए हैं। इस घटना ने नगर निगम की व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं