बलरामपुर में क्लास में बैठी दूसरी कक्षा की छात्रा की मौत, फुटेज में देंखे अचानक सीट से गिरी; डीजे की तेज आवाज से तबीयत बिगड़ने का दावा
बलरामपुर में सोमवार सुबह एक निजी स्कूल में कक्षा-2 की छात्रा की क्लास में बैठे-बैठे मौत हो गई। बच्ची पहले अपनी सीट से उठकर लड़खड़ाई और फिर गिर गई। कुछ देर बाद वह दोबारा संभली, लेकिन कुछ ही सेकेंड बाद फिर बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद वह नहीं उठी। शिक्षकों ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बच्ची के गिरने का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है।
डीजे की तेज आवाज के बीच क्लास में डांस कर रहे थे बच्चे
घटना डिवाइन पब्लिक स्कूल में सोमवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। स्कूल मैनेजमेंट के अनुसार, जिस समय बच्ची की तबीयत बिगड़ी, उस समय स्कूल के पास से गणेश विसर्जन का जुलूस निकल रहा था। जुलूस में तेज आवाज में डीजे बज रहा था।स्कूल प्रबंधन का दावा है कि डीजे की तेज आवाज के कारण बच्ची की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। हालांकि, बच्ची की मौत की वास्तविक चिकित्सकीय वजह की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही हो सकेगी। केवल डीजे की आवाज को मौत का कारण मानना अभी स्थापित तथ्य नहीं है।
सीसीटीवी फुटेज में क्या दिखाई दिया?
घटना के सामने आए सीसीटीवी फुटेज में स्कूल के बगल से गणेश विसर्जन का जुलूस गुजरता दिखाई दे रहा है। कुछ लोग डीजे की धुन पर डांस करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। तेज आवाज क्लासरूम तक सुनाई दे रही थी।फुटेज में दिखाई देता है कि क्लास में बैठे बच्चे कुछ देर तक डीजे की आवाज पर डांस करने लगते हैं। इस दौरान छात्रा भी अपनी सीट से उठती है, लेकिन फिर वापस बैठ जाती है।इसके बाद बच्ची एक बार लड़खड़ाती है। वह करीब एक सेकेंड में खुद को संभालकर दोबारा सीट पर बैठ जाती है। हालांकि, कुछ ही सेकेंड बाद वह फिर गिर पड़ती है। इस बार वह उठ नहीं पाती।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
बच्ची के क्लास में गिरने के बाद स्कूल के शिक्षकों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्कूल में मौजूद बच्चों और शिक्षकों के बीच चिंता का माहौल बन गया।बच्ची की अचानक मौत से कई सवाल उठ रहे हैं। क्या उसे पले से कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या थी? क्या डीजे की तेज आवाज से उसकी तबीयत बिगड़ी या कोई अन्य चिकित्सकीय कारण था? इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।