भोपाल से लापता 6 साल का मासूम मथुरा में मिला सुरक्षित, GRP की सजगता से पातालकोट एक्सप्रेस से बरामद
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अस्पताल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए 6 वर्षीय मासूम अंश मैना को मथुरा में सुरक्षित ढूंढ निकाला गया है। बच्चे के मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, भोपाल पुलिस की तत्परता और मथुरा रेलवे पुलिस (GRP) की सजगता के चलते बच्चे को पातालकोट एक्सप्रेस से बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चा ट्रेन के जरिए मथुरा तक पहुंच गया था।
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत अलर्ट जारी किया था और रेलवे स्टेशनों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान मथुरा स्टेशन पर GRP को बच्चा संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसके बाद उसे सुरक्षित कब्जे में लिया गया।
बच्चे की पहचान सुनिश्चित करने के बाद परिजनों से संपर्क किया गया और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद उसे उनके सुपुर्द कर दिया गया।
इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और अस्पताल परिसर की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि बच्चा अस्पताल से कैसे और किन परिस्थितियों में गायब हुआ।