×

उत्तर प्रदेश में आज लगेेंगे 37 करोड़ पौधे, 'एक पेड़ मां के नाम' थीम पर चलेगा महाभियान

 

उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक बार फिर ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 9 जुलाई 2025 को पूरे प्रदेश में पौधरोपण महाभियान-2025 का आयोजन किया जाएगा, जिसके तहत एक ही दिन में रिकॉर्ड 37 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इस विशेष अभियान की थीम 'एक पेड़ मां के नाम' रखी गई है, जो लोगों को प्रकृति और मातृत्व के बीच के भावनात्मक रिश्ते से जोड़ने का प्रयास है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस महाभियान का शुभारंभ अयोध्या और आजमगढ़ जिलों से करेंगे। वहीं, उनके निर्देश पर प्रदेश के सभी मंत्री अपने-अपने आवंटित जिलों में जाकर पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे और जनता को इस अभियान से जोड़ने का कार्य करेंगे।

इस अभियान की तैयारी कई महीने पहले शुरू हो चुकी थी। वन विभाग की ओर से नर्सरियों और अन्य संसाधनों के माध्यम से कुल 52.43 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं, ताकि सभी जिलों में आसानी से पौधे उपलब्ध कराए जा सकें। प्रदेश के 75 जिलों के साथ-साथ पंचायत स्तर तक इस अभियान को पहुंचाने की व्यापक योजना तैयार की गई है।

पौधरोपण महाभियान को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए शासन की ओर से सभी जिलों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। ये अधिकारी 8 जुलाई को अपने-अपने जिलों में पहुंच गए हैं और उन्होंने स्थानीय प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने रोपण स्थलों, पौध वितरण केंद्रों और जनभागीदारी योजनाओं का भौतिक निरीक्षण भी किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कहना है कि “पर्यावरण संरक्षण सिर्फ सरकार का काम नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। हम सबको मिलकर एक हरित प्रदेश और हरित भारत का निर्माण करना है। 'एक पेड़ मां के नाम' थीम हर व्यक्ति को भावनात्मक रूप से जोड़ती है, जिससे अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।”

सरकार की योजना है कि रोपे गए सभी पौधों की जियो टैगिंग की जाए और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों, स्कूलों, स्वयंसेवी संस्थाओं व विभागों को दी जाए। इसके लिए डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम भी तैयार किया गया है जिससे पौधों की निगरानी की जा सके।

यह अभियान केवल पर्यावरण सुधार की दिशा में नहीं बल्कि प्रदेश के सामाजिक और भावनात्मक जुड़ाव को भी मजबूत करने का कार्य करेगा। उत्तर प्रदेश पहले भी एक दिन में करोड़ों पौधे लगाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुका है, और इस बार फिर से एक नया इतिहास रचने की तैयारी है।