☰
×

UP Weather: लखनऊ से वाराणसी तक आंधी-बारिश का अलर्ट, 25 जिलों में तेज हवाओं की चेतावनी
 

 

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने से सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ गई है। दिन में तेज हवाओं के चलते भी लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने 8 अक्टूबर को पूर्वांचल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया है। कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी यूपी के अधिकांश जिलों में आज कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी यूपी में भी एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
लखनऊ समेत इन जिलों में यलो अलर्ट
लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अयोध्या, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, जौनपुर, संत रविदास नगर, वाराणसी, मीरजापुर, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, मऊ और बलिया में मौसम विभाग ने गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पश्चिमी यूपी के इन जिलों में भी बारिश का अनुमान
सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा उन्नाव, रायबरेली, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, गोरखपुर, बस्ती और संत कबीर नगर में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
अगले दो दिनों में और गिरेगा तापमान
बारिश और तेज हवाओं के चलते यूपी में मौसम सुहाना होने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
वहीं रात के न्यूनतम तापमान में अगले सात दिनों के दौरान किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले 48 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं बारिश तो कहीं धूप का दौर जारी रह सकता है। 11 अक्टूबर से बारिश का दौर थमने और प्रदेश में मौसम के फिर से शुष्क होने का अनुमान है।