दिल्ली-NCR सहित 18 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, घर से निकलने से पहले पढ़ें मौसम का ताजा हाल
देश के कई हिस्सों में मॉनसून अभी बहुत सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। आज, 22 जुलाई को देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने अनुमान लगाया है कि बारिश के दौरान 40 से 60 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चलेंगी। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति का खतरा है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 22 जुलाई को जिन राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा (दिल्ली-NCR सहित), हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, ओडिशा, तेलंगाना, केरल, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर भारत के राज्य (जैसे असम और मेघालय) शामिल हैं।
**राज्यवार मौसम अपडेट**
दिल्ली-NCR में आज (22 जुलाई) आसमान में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, 23 जुलाई से मौसम के थोड़ा साफ होने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों - जिसमें मेरठ, आगरा, प्रयागराज और कौशाम्बी शामिल हैं - में 27 जुलाई तक रुक-रुक कर भारी बारिश होगी।
बिहार के कई जिलों - जिनमें पटना, रोहतास और नवादा शामिल हैं - में भीषण आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इससे कुछ इलाकों में जलभराव और यातायात में बाधा आ सकती है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जैसे क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है।
वहीं, उत्तराखंड के कई जिलों - जिनमें देहरादून, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और चंपावत शामिल हैं - के लिए 22 जुलाई से 27 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान आंधी-तूफान की भी संभावना है।
जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति है। मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक लगातार बारिश की चेतावनी जारी की है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
कुछ समय के अंतराल के बाद राजस्थान में मॉनसून की वापसी हुई है। कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश इलाकों में 22 से 26 जुलाई तक बारिश होने की संभावना है.
मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. नीमच, मंदसौर, उज्जैन, महाकालेश्वर, आगर मालवा, राजगढ़, सीहोर, शाजापुर, देवास, भोपाल, बैरागढ़, नबीबाग, रायसेन, भीमबेटका, सांची, नर्मदापुरम, पचमढ़ी, होशंगाबाद और नरसिंहपुर में बारिश होने की संभावना है।
पंजाब में आज कई जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है; इस दौरान आंधी के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
ओडिशा के ज्यादातर हिस्सों में आज से 27 जुलाई तक बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
झारखंड के कई जिलों में आज बारिश की चेतावनी जारी की गयी है. रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, पलामू, गढ़वा समेत अन्य जिलों में बारिश की संभावना है.