तेलंगाना में पत्नी ने ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर मिलाकर की पति की हत्या, वीडियो में जाने अफेयर के शक में रची खौफनाक साजिश
तेलंगाना से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला नर्स पर आरोप है कि उसने अपने पति की अस्पताल में चल रही ड्रिप (IV फ्लूइड) में टॉयलेट क्लीनर मिलाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला का कथित तौर पर विवाहेतर संबंध था और इसी वजह से उसने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, महिला ने हत्या की योजना पहले से बनाई थी। जांच में यह भी सामने आया कि उसने कुछ समय पहले अपने पति को घर की छत से धक्का देकर मारने की कोशिश की थी। हालांकि उस घटना में पति की जान बच गई थी। इसके बाद उसने अस्पताल में भर्ती पति की ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर मिलाकर कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या के पीछे विवाहेतर संबंध और पति से छुटकारा पाने की मंशा प्रमुख वजह के रूप में सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।