तेलंगाना में सनसनीखेज हत्याकांड: वीडियो में जाने पॉक्सो केस के आरोपी ने जमानत पर छूटते ही पत्नी-बच्चों समेत 6 लोगों की हत्या की
तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत दर्ज यौन शोषण के एक मामले में आरोपी युवक ने जमानत पर रिहा होने के बाद कथित तौर पर छह लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में उसकी पत्नी, दो मासूम बेटे, नाबालिग पीड़िता, उसकी मां और नानी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शुक्रवार रात सबसे पहले अपने घर में 30 वर्षीय पत्नी और अपने दो बेटों, जिनकी उम्र चार वर्ष और 18 महीने बताई गई है, की हत्या कर दी। इसके बाद वह करीब छह किलोमीटर दूर दूसरे गांव पहुंचा, जहां उसने पॉक्सो मामले की 17 वर्षीय पीड़िता, उसकी मां और नानी पर हमला कर उनकी हत्या कर दी।
16 मई को दर्ज हुआ था पॉक्सो केस
जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय किशोरी ने 16 मई को आरोपी राजकुमार के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत यौन शोषण का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया, लेकिन कुछ ही दिनों में उसे जमानत मिल गई।घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप
पीड़िता के मामा नरेश का आरोप है कि आरोपी पहले से ही परिवार को धमकियां दे रहा था। उनका कहना है कि उसने कहा था कि वह पूरे परिवार को खत्म कर देगा। परिजनों का दावा है कि उन्होंने कई बार पुलिस को आरोपी की गतिविधियों और धमकियों की जानकारी दी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामला दर्ज होने के बाद आरोपी को पर्याप्त पूछताछ या रिमांड पर नहीं लिया गया और जमानत मिलने के बाद भी उसकी निगरानी नहीं की गई। परिजनों ने पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है या उसकी तलाश जारी है। पुलिसकी ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
इलाके में दहशत, सुरक्षा बढ़ाई गई
एक ही रात में छह लोगों की हत्या की इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।यह मामला एक बार फिर यौन अपराधों के आरोपियों की निगरानी, जमानत के बाद सुरक्षा व्यवस्था और पीड़ितों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी है।