रेवंत रेड्डी का BRS नेताओं पर तंत्र-मंत्र कराने का आरोप, वीडियो में हरीश राव बोले- CM झूठ बोल रहे
तेलंगाना की राजनीति में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तंत्र-मंत्र को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने शनिवार को भारतीय राष्ट्र समिति यानी BRS के नेताओं पर कांग्रेस सरकार को बदनाम करने के लिए तंत्र-मंत्र कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं ने राज्य में सूखा पड़ने, किसानों को परेशानी होने और कांग्रेस सरकार के गिरने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने यह बयान संगारेड्डी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिया। उन्होंने किसी नेता का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन आरोप लगाया कि BRS के एक प्रमुख नेता कर्नाटक और तमिलनाडु के मंदिरों में जाकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ तंत्र-मंत्र करा रहे हैं। उनके इस बयान को BRS विधायक टी. हरीश राव से जोड़कर देखा जा रहा है।रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता सरकार के कामकाज को लेकर जनता के बीच नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार किसानों और राज्य के विकास के लिए लगातार काम कर रही है, लेकिन विपक्ष सरकार को अस्थिर करने और बदनाम करने की कोशिश में लगा हुआ है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भी लगा चुके हैं आरोप
इससे पहले तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़ ने 4 अगस्त को भी टी. हरीश राव पर इसी तरह का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि हरीश राव ने राज्य में बारिश रोकने के लिए क्षुद्र पूजा यानी तंत्र-मंत्र कराया।कांग्रेस नेताओं के इन आरोपों के बाद तेलंगाना की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष ने इन आरोपों को राजनीतिक मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है।
हरीश राव ने CM पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के आरोपों पर BRS विधायक टी. हरीश राव ने पलटवार किया है। उन्हों मुख्यमंत्री पर स्वतंत्रता दिवस के दिन झूठ बोलने का आरोप लगाया। हरीश राव ने कहा कि मुख्यमंत्री उनके खिलाफ इसलिए बयान दे रहे हैं क्योंकि वह लगातार सरकार से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं।हरीश राव के मुताबिक, वह भ्रष्टाचार, किसानों की अधूरी कर्जमाफी और राज्य में खाद की कमी जैसे मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार इन सवालों का जवाब देने के बजाय उन पर व्यक्तिगत आरोप लगा रही है।
BRS विधायक ने कहा कि वह किसानों, बेरोजगार युवाओं और छात्रों की आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री के तंत्र-मंत्र संबंधी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य की जनता के सामने वास्तविक मुद्दे मौजूद हैं और सरकार को उन पर जवाब देना चाहिए।तेलंगाना में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद से ही कांग्रेस और BRS के बीच राजनीतिक टकराव लगातार जारी है। अब तंत्र-मंत्र और क्षुद्र पूजा के आरोपों ने इस राजनीतिक लड़ाई को एक नया रंग दे दिया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, जबकि किसानों, बेरोजगारी, कर्जमाफी और खाद की उपलब्धता जैसे मुद्दे भी राज्य की राजनीति के केंद्र में बने हुए हैं।