जयपुर में हॉर्न बजाने पर भड़के युवक, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे परिवार के 10-15 लोगों के साथ मिलकर कार में की तोड़फोड़; युवक के दांत तोड़े
जयपुर में सड़क पर खड़ी कार को हटवाने के लिए हॉर्न बजाना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि हॉर्न बजाने से नाराज युवकों ने अपने परिवार और परिचितों के साथ मिलकर युवक की कार पर पत्थरों से हमला कर दिया। इसके बाद उसे बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला और मुंह पर मुक्के मारे। मारपीट में युवक के दांत टूट गए। बीच-बचाव करने आए उसकी बहन, जीजा और उनके छोटे भाई के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित ने गुरुवार को खोरा बीसल थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
बहन के घर जाते समय हुआ विवाद
खोरा बीसल थाने के एएसआई शैतान सिंह के अनुसार, झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी निवासी अभिषेक शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया कि वह भाईदूज के त्योहार पर अपनी बहन के घर निवारू रोड स्थित विश्वनाथ धाम कॉलोनी आया था। दोपहर करीब 3 बजे जब वह बहन के घर के पास पहुंचा तो सड़क के बीच में काले रंग की एक एक्सयूवी खड़ी थी।अभिषेक के मुताबिक, रास्ता खाली करवाने के लिए उसने कार का हॉर्न बजाया। इस पर घर के अंदर से दो युवक बाहर आए और उसके साथ गाली-गलौच करने लगे।
10 से 15 लोगों ने घेरकर किया हमला
पीड़ित का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों के परिवार के सदस्य और परिचित भी मौके पर पहुंच गए। उनकी संख्या करीब 10 से 15 थी। सभी हॉर्न बजाकर गाड़ी साइड में करवाने की बात को लेकर झगड़ा करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने पत्थर उठाकर अभिषेक की कार के शीशे तोड़ दिए।आरोप है कि हमलावरों ने उसे कार से बाहर खींच लिया और बाल पकड़कर उसके मुंह पर मुक्के मारे। इस दौरान उसके दांत टूट गए और वह घायल हो गया।
बचाने आए बहन-जीजा से भी मारपीट
अभिषेक के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी बहन, जीजा और उनके छोटे भाई मौके पर पहुंचे। उन्होंने उसे हमलावरों से बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। किसी तरह सभी वहां से निकलकर घर के अंदर पहुंचे और अपनी जान बचाई।
अस्पताल में कराया उपचार, पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना के बाद अभिषेक लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचा, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद उसने खोरा बीसल थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मारपीट और कार में तोड़फोड़ की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।