जयपुर में इवेंट के बहाने युवक को स्कॉर्पियो में बनाया बंधक: मोबाइल छीनकर निजी फोटो निकाले, दबाव डालकर बनवाया झूठा वीडियो
जयपुर में इवेंट मैनेजमेंट के काम से जुड़े एक युवक को क्लाइंट मीटिंग के बहाने बुलाकर स्कॉर्पियो गाड़ी में बंधक बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने करीब डेढ़ घंटे तक उसे गाड़ी में बैठाकर रखा। इस दौरान उसका मोबाइल छीन लिया और फोन से निजी फोटो निकाल लिए। आरोपियों ने दबाव बनाकर युवक का एक वीडियो भी बनवाया, जिसमें उससे गलत बातें कहलवाई गईं। इतना ही नहीं, उसके मोबाइल से दूसरे लोगों को आपत्तिजनक संदेश भी भेजे गए। पीड़ित ने आरोपियों पर खुद और परिवार को धमकाने का भी आरोप लगाया है। मामले में महापुरा निवासी विनायक शर्मा ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। विनायक के अनुसार, वह इवेंट मैनेजमेंट का काम करता है। 13 नवंबर को उसे इवेंट के लसिले में क्लाइंट मीटिंग के लिए हयात होटल के पास अकेले बुलाया गया था। वह अपने एक दोस्त के साथ तय जगह पर पहुंचा तो वहां स्कॉर्पियो गाड़ी में दो युवक मिले।
गली में गाड़ी रोककर दोस्त को दूसरी कार में बैठाया
विनायक ने पुलिस को बताया कि स्कॉर्पियो में सवार युवक उसे कुछ दूर आगे एक गली में ले गए। वहां गाड़ी रोक दी गई। इसी दौरान मौके पर दूसरी वेन्यू कार भी पहुंच गई। उसमें से एडी मारकर्स डांस कंपनी का अभिमन्यु और उसका साथी सोनू उतरकर विनायक के पास आकर बैठ गए।इसके बाद आरोपियों ने विनायक के दोस्त को दूसरी वेन्यू कार में बैठा दिया। विनायक का आरोप है कि इसी दौरान उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया। इसके बाद आरोपी करीब डेढ़ घंटे तक उसे स्कॉर्पियो में बंधक बनाकर रखे रहे।
मोबाइल से निजी फोटो निकालने और संदेश भेजने का आरोप
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उसके मोबाइ फोन की जांच की और उसमें मौजूद निजी फोटो निकाल लिए। इसके अलावा उसके मोबाइल का इस्तेमाल कर दूसरे लोगों से बातचीत की गई और आपत्तिजनक संदेश भी भेजे गए।विनायक ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उस पर दबाव बनाकर एक वीडियो रिकॉर्ड कराया। इस वीडियो में उससे ऐसी बातें कहलवाई गईं, जिन्हें वह गलत बता रहा है। उसका कहना है कि यह वीडियो उसकी मर्जी के बिना दबाव डालकर बनवाया गया।
युवक और परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी
विनायक ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करने की धमकी दी। साथ ही उसके परिवार को भी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। इस पूरी घटना के दौरान वह डर के माहौल में रहा।पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में अभिमन्यु, सोनू और अन्य युवकों की भूमिका का उल्लेख किया गया है। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, युवक ने घटना को लेकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले में पुलिस की जांच और आरोपियों का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।