×

जयपुर में चाकूबाजी में युवक की मौत, 10 दिन पहले हुआ था बेटा; एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे बड़ा भाई घायल

 

जयपुर के विद्याधर नगर इलाके में सोमवार देर रात पैसों के पुराने विवाद को लेकर हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई घायल हो गया। वारदात रात करीब साढ़े 11 बजे मंदिर मोड़ के पास हुई। मृतक की पहचान शाकिर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शाकिर के घर में 10 दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था। परिवार में नवजात की खुशियां अभी ठीक से मनाई भी नहीं गई थीं कि यह दुखद घटना हो गई।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/ObBmoVxvslg?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/ObBmoVxvslg/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच विवाद पहले से चला आ रहा था। थानाधिकारी सज्जन कुमार ने बताया कि वारदात से एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच शराब पीने के दौरान झगड़ा हुआ था। इसके बाद सोमवार देर रात दोनों पक्षों को आपसी विवाद में समझाइश और राजीनामे के लिए बुलाया गया था। इसी दौरान बातचीत के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते चाकूबाजी शुरू हो गई।

घटना में शाकिर और उसका बड़ा भाई कय्यूम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया। शाकिर के शरीर से काफी खून बह गया था। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सोमवार रात करीब ढाई बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं कय्यूम का उपचार जारी है।घायल कय्यूम ने पुलिस को बताया कि भट्टा बस्ती इलाके में रहने वाले कुछ युवकों से उनका पैसों को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद को खत्म करने और राजीनामा कराने के लिए उसे विद्याधर नगर मंदिर मोड़ पर बुलाया गया था। कय्यूम के मुताबिक, वह शुरुआत में अकेले ही मौके पर पहुंचा था, लेकिन वहां मौजूद लोगों की संख्या और स्थिति देखकर उसने अपने भाई शाकिर को भी बुला लिया।

कय्यूम ने बताया कि मौके पर करीब पांच से छह लोग मौजूद थे। कुछ लोग वाहनों पर बैठे हुए थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने चाकू निकाल लिया। कय्यूम के मुताबिक, आरोपियों ने सबसे पहले उसके भाई शाकिर की जांघ पर चाकू से वार किया। इसके बाद उस पर भी हमला किया गया। चाकू लगने से दोनों भाई घायल होकर गिर पड़े।शाकिर के शरीर से काफी खून बहने के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई थी। परिजन और अन्य लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों की कोशिश के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। शाकिर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटे के जन्म के महज 10 दिन बाद पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। एसीपी शास्त्री नगर दिलीप कुमार मीणा ने बताया कि घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।फिलहाल पुलिस पुराने पैसों के विवाद और वारदात से एक दिन पहले हुए झगड़े को घटना की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही चाकूबाजी की पूरी वजह और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।