जयपुर में स्कॉर्पियो से स्टंटबाजी करना युवक को पड़ा भारी, फुटेज में देंखे पुलिस ने पकड़ा; हाथ जोड़कर मांगी माफी
जयपुर में सड़क पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से स्टंटबाजी करना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए हाथ जोड़कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसा नहीं करने का वादा किया।
मामला जवाहर सर्किल थाना इलाके का है। उत्तर-पश्चिम रेलवे मुख्यालय की ओर जाने वाली सड़क पर बुधवार देर रात स्कॉर्पियो सवार युवक तेज रफ्तार में गाड़ी को उल्टा-सीधा दौड़ाकर स्टंट कर रहा था। उसकी लापरवाही के कारण सड़क पर चल रहे कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गए। इस दौरान किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
सड़क पर मौजूद लोगों ने स्कॉर्पियो से स्टंटबाजी का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने गाड़ी की पहचान करने की कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान स्कॉर्पियो चालक की पहचान यश कुमार मीणा निवासी जेवियर आर्केड सेकंड, चैनपुरा, जगतपुरा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे डिटेन कर लिया।जवाहर सर्किल थानाधिकारी मुकेशचंद गुर्जर ने बताया कि स्टंटबाजी का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो की पहचान की और युवक को पकड़ लिया।
हाथ जोड़कर मांगी माफी, यातायात नियमों के पालन का वादा
पुलिस की पकड़ में आने के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार की। उसने कहा कि वह स्कॉर्पियो से स्टंट कर रहा था और गाड़ी को गलत तरीके से चला रहा था। युवक ने जयपुर पुलिस द्वारा पकड़े जाने की बात स्वीकार करते हुए अपनी हरकत के लिए माफी मांगी।उसने भविष्य में इस तरह की स्टंटबाजी नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने का वादा भी किया। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की लापरवाही न करें। तेज रफ्तार और स्टंटबाजी से न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।