×

World Best Cities 2026: दुनिया के टॉप शहरों में राजस्थान का जलवा, उदयपुर 12वें और जयपुर 16वें स्थान पर

 

राजस्थान की पर्यटन विरासत ने एक बार फिर दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। दुनिया की प्रतिष्ठित पर्यटन मैगजीन Travel + Leisure ने World’s Best Awards 2026 की रैंकिंग जारी की है, जिसमें राजस्थान के दो प्रमुख शहरों उदयपुर और जयपुर ने दुनिया के टॉप 20 बेस्ट सिटीज में जगह बनाई है।

इस रैंकिंग में उदयपुर को 12वां स्थान मिला है, जबकि जयपुर 16वें स्थान पर रहा है। दोनों शहरों को उनकी ऐतिहासिक धरोहर, शाही वास्तुकला, संस्कृति, खान-पान और पर्यटकों के अनुभव के आधार पर चुना गया है।

उदयपुर ने बनाई टॉप 20 में जगह

झीलों की नगरी के नाम से मशहूर उदयपुर ने अपनी खूबसूरती और शाही विरासत के दम पर दुनिया के बेहतरीन शहरों में स्थान हासिल किया है। यहां की पिछोला झील, महल, हवेलियां और राजस्थानी संस्कृति दुनियाभर के पर्यटकों को आकर्षित करती हैं।

उदयपुर को इस बार पहली बार इस सूची में शामिल किया गया है। शहर की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व ने इसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के बीच खास पहचान दिलाई है।

जयपुर की रैंकिंग में गिरावट

वहीं, राजस्थान की राजधानी जयपुर इस बार 16वें स्थान पर रहा। इससे पहले जयपुर इस सूची में 5वें स्थान पर था। हालांकि रैंकिंग में गिरावट के बावजूद पिंक सिटी ने दुनिया के प्रमुख पर्यटन शहरों में अपनी जगह बनाए रखी है।

जयपुर का आमेर किला, हवा महल, सिटी पैलेस और जंतर-मंतर जैसी ऐतिहासिक धरोहरें पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। शहर की समृद्ध संस्कृति और वास्तुकला इसे खास बनाती है।

एशिया के बेस्ट शहरों में भी राजस्थान का दबदबा

Travel + Leisure की एशिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों की सूची में भी जयपुर और उदयपुर ने जगह बनाई है। एशिया के टॉप 10 बेस्ट सिटीज में उदयपुर 8वें स्थान पर और जयपुर 10वें स्थान पर रहा है।

वहीं, दुनिया के टॉप शहरों की सूची में मैक्सिको का सैन मिगुएल डी एलेंडे पहले स्थान पर रहा। जबकि एशिया के टॉप शहरों में जापान का क्योटो नंबर-1 पर रहा।

राजस्थान पर्यटन के लिए बड़ी उपलब्धि

राजस्थान के दो शहरों का दुनिया की प्रतिष्ठित पर्यटन रैंकिंग में शामिल होना प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान की पहचान और मजबूत होगी।

पर्यटन विशेषज्ञों के अनुसार, राजस्थान की ऐतिहासिक इमारतें, राजसी परंपराएं, लोक कला और मेहमाननवाजी विदेशी पर्यटकों को लगातार आकर्षित कर रही हैं। जयपुर और उदयपुर की यह उपलब्धि प्रदेश के पर्यटन उद्योग को नई गति दे सकती है