पकड़ी गईं घरों से जूते-चप्पल चुरानेवाली महिलाएं, गैंग बनाकर रात को करती थीं अपराध
प्रतापगढ़ में पुलिस ने महिला चोरों के एक गैंग का पर्दाफाश किया है। ये महिलाएं रात में घरों से जूते-चप्पल चुरा रही थीं। पुलिस ने इस गैंग में शामिल पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। सभी महिलाएं शहर के बागवास स्लम एरिया की रहने वाली हैं। एक लोकल वकील ने घर से जूते और दूसरा सामान चोरी होने की FIR दर्ज कराई थी। वकील का कहना है कि उन्हें इस बारे में एक पड़ोसी से पता चला। जब उन्होंने घर के बाहर लगे CCTV को चेक किया, तो मामला सामने आया। सभी आरोपी महिलाएं CCTV फुटेज में चोरी करती दिखीं। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस गैंग तक पहुंची और महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
महिलाएं गेट फांदकर घर में घुसीं
कोतवाली पुलिस स्टेशन ऑफिसर दीपक बंजारा ने बताया, "तीन दिन पहले राजेंद्र नगर के रहने वाले एडवोकेट प्रवीण जैन ने केस दर्ज कराया था। उन्होंने शिकायत की थी कि उनकी पड़ोसी मधु मीणा उनके घर आई थीं और उन्हें बताया कि बीती रात किसी ने उनके घर से जूते-चप्पल चुरा लिए। जब उन्होंने अपने घर में लगे CCTV कैमरे चेक किए, तो पता चला कि आधी रात को पांच से छह महिलाएं कॉलोनी में घूम रही थीं। इनमें से एक महिला गेट फांदकर उनके घर में घुस गई और जूते-चप्पल चुरा लिए। उसके साथ आई दूसरी महिला मधु मीणा के घर में घुस गई और कुछ सामान चुरा लिया।"
पूछताछ में कबूल किया गुनाह
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके यहां से चोरी का सामान भी जब्त कर लिया। पुलिस इस गैंग में शामिल दूसरी महिलाओं की भी तलाश कर रही है।