जयपुर में शादी से इनकार पर युवती को मारी गोली, फुटेज में देंखे सीने में गोली लगने से गंभीर; आरोपी आकाश की तलाश में जुटी पुलिस
जयपुर में शादी से इनकार करने पर एक युवती को गोली मारने का मामला सामने आया है। बुधवार देर रात सीतापुरा इलाके में चतराला सर्किल के पास आकाश नाम के युवक ने कथित तौर पर युवती पर फायरिंग कर दी। गोली युवती के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में घायल युवती को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब आरोपी आकाश की तलाश में जुटी हुई है।
शादी से इनकार करने पर फायरिंग का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवती द्वारा शादी से इनकार किए जाने को लेकर आरोपी युवक नाराज था। आरोप है कि इसी बात को लेकर उसने युवती पर गोली चला दी। गोली सीधे उसके सीने में लगी और वह मौके पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर गई।गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। युवती को घायल अवस्था में देखकर लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टर उसकी निगरानी में इलाज कर रहे हैं।हालांकि, गोली चलाने की वास्तविक वजह और आरोपी-युवती के बीच पहले से किस तरह का संबंध था, इसकी पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।
मां के साथ किराये के फ्लैट में रहती है युवती
पुलिस के मुताबिक घायल युवती की पहचान कनक शाक्य के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। कनक जयपुर के सीतापुरा इलाके में अपनी मां के साथ किराये के फ्लैट में रहती है।बताया जा रहा है कि कनक प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। वह पढ़ाई के सिलसिले में जयपुर में रह रही थी। बुधवार रात अचानक हुई फायरिंग की घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया।
एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलने के बाद सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।पुलिस अब वारदात से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है। आरोपी ने किस हथियार से गोली चलाई, वह घटनास्थल तक कैसे पहुंचा और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुआ, इन सभी बिंदुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की पुष्टि और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस फ्लैट और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए आरोपी की गतिविधियों और वारदात के समय मौके पर मौजूद लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।पुलिस आरोपी आकाश की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। फिलहाल घटना के पीछे शादी से इनकार को वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर साफ होगी।युवती का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों से भी उसकी स्थिति की जानकारी ले रही है। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद फायरिंग की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।