नागौर में दहेज के लिए विवाहिता को 15 साल तक प्रताड़ित करने का आरोप, वीडियो में जाने छत से धक्का देने से पैर-कूल्हे में फ्रैक्चर
नागौर जिले के जारोड़ा खुर्द गांव में दहेज प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता के भाई ने अपने जीजा, सास और ससुर पर 21 लाख रुपए और कार की मांग को लेकर करीब 15 साल तक उसकी बहन को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि 5 नवंबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से मकान की छत से नीचे धक्का दे दिया। हादसे में उसके पैर और कूल्हे में फ्रैक्चर हो गया। घायल महिला का नागौर के राजकीय जेएलएन अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मामले में मेड़ता रोड थाना पुलिस ने 11 नवंबर को पति, सास और ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
15 साल पहले हुई थी शादी
पुलिस को दी रिपोर्ट में दुगोली निवासी राधेश्याम पुत्र प्रभुराम ने बताया कि उसकी बहन सुमन की शादी करीब 15 साल पहले जारोड़ा खुर्द निवासी भूराराम के साथ हुई थी। शादी के समय परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार सोने-चांदी के जेवर, नकदी और घरेलू सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने का ताना देते थे।
21 लाख रुपए और कार मांगने का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार, विवाहिता का पति भूराराम, ससुर हड़मानराम और सास बरजू देवी कथित तौर पर लगातार 21 लाख रुपए और कार की मांग कर रहे थे। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर सुमन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उसे मायके वालों से फोन पर बात तक नहीं करने दी जाती थी और घर में नौकरानी की तरह काम करवाया जाता था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि दो बेटियों के जन्म के बाद भी सुमन को ताने दिए जाते रहे और उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था।
5 नवंबर को मारपीट के बाद छत से धक्का देने का आरोप
परिवादी के मुताबिक, 5 नवंबर को सुमन के साथ उसकी सास और ससुर ने मारपीट की। आरोप है कि उसे पूरी रात सोने भी नहीं दिया गया। इसके बाद वह अपने पति के पास ऊपर वाले कमरे में गई तो पति ने उसे मर जाने की बात कही।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान पति और ससुर ने जान से मारने की नीयत से सुमन को मकान की छत से नीचे धक्का दे दिया। नीचे गिरने से उसके पैर और कूल्हे में फ्रैक्चर हो गया।
अस्पताल में चल रहा उपचार, पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद घायल सुमन को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका नागौर के राजकीय जेएलएन अस्पताल में उपचार जारी है। उसके भाई की शिकायत पर मेड़ता रोड थाना पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट सहित संबंधित आरोपों में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।