विधायक के PA की पत्नी चुनाव हारीं तो गांवों से हटाईं स्ट्रीट लाइटें! वीडियो में देखें गहलोत बोले- जनता का क्या कसूर?
राजस्थान के टोंक जिले के पीपलू क्षेत्र में पंचायत समिति चुनाव के बाद स्ट्रीट लाइटें हटाने का मामला गरमा गया है। निवाई से भाजपा विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक की पत्नी के चुनाव हारने के बाद गांवों से स्ट्रीट लाइटें हटाए जाने के आरोप लगे हैं। इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।
गहलोत ने सोशल मीडिया पर मीडिया को दिए अपने बयान का वीडियो साझा करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए गांवों में लाइटें लगवाई गईं, लेकिन जनता ने चुनाव में हरा दिया तो इसमें आम लोगों का क्या कसूर है? उन्होंने सवाल किया कि अब अधिकारी इन लाइटों को अवैध बता रहे हैं, तो उन्हें यह भी बताना चाहिए कि इन्हें अवैध तरीके से लगवाया किसने था।
गहलोत बोले- चुनाव हारने का बदला जनता से क्यों?
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान गांवों में स्ट्रीट लाइटें लगवाई गईं। इसके बाद चुनाव में जनता ने अपना फैसला सुनाया। अब चुनाव हारने के बाद गांवों से लाइटें हटाई जा रही हैं। गहलोत ने सवाल उठाया कि चुनाव में किसी उम्मीदवार की हार का खामियाजा आम लोगों को क्यों भुगतना पड़ रहा है?
उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी गांवों से लाइटें हटाने पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया। इस पर अधिकारियों ने लाइटों को अवैध बताते हुए कार्रवाई का तर्क दिया। गहलोत ने कहा कि यदि लाइटें अवैध थीं तो इन्हें लगाने की अनुमति किसने दी और इसके लिए जिम्मेदार कौन है?
अधिकारियों की भूमिका पर भी उठाए सवाल
गहलोत ने प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर ये लाइटें नियमों के खिलाफ लगाई गई थीं तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को यह स्पष्ट करना चाहिए कि चुनाव से पहले ये लाइटें किसके निर्देश पर लगाई गईं और अब इन्हें हटाने का फैसला क्यों लिया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए कहा कि सरकार ने हद कर दी है। उन्होंने इसे सरकार के कामकाज का नमूना बताया और कहा कि जनता को चुनावी हार-जीत की वजह से परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
स्ट्रीट लाइटें हटाने पर गांवों में नाराजगी
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पीपलू क्षेत्र के गांवों में नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्ट्रीट लाइटें सार्वजनिक सुविधा के लिए लगाई जाती हैं और इनका फायदा पूरे गांव को मिलता है। ऐसे में चुनावी परिणाम के बाद इन्हें हटाने का मामला सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से लाइटें हटाने की कार्रवाई के नियमों और कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। वहीं, गहलोत के बयान के बाद यह मुद्दा राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।