उत्तर भारत से दक्षिण तक मौसम का कहर, फुटेज में जानें राजस्थान में 48°C पार, कहीं लू तो कहीं ओले-बारिश, कई राज्यों में जनहानि
देशभर में मौसम ने मंगलवार को बेहद भयावह रूप दिखाया। एक तरफ जहां राजस्थान और मध्य प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहे, वहीं हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कई जगहों पर बिजली गिरने और दुर्घटनाओं में लोगों की जान भी गई।
राजस्थान में भीषण गर्मी का रिकॉर्ड टूटने के करीब
राजस्थान में मंगलवार को गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। राज्य के पांच जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। बाड़मेर लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर बना रहा, जहां अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भीषण गर्मी और लू के चलते आम जनजीवन प्रभावित रहा और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला।
मध्य प्रदेश में दोहरा मौसम: कहीं लू, कहीं हल्की राहत
मध्य प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। रतलाम लगातार तीसरे दिन राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि कुछ अन्य इलाकों में बादल और हवाओं के कारण हल्की राहत भी महसूस की गई।
हरियाणा में ओलावृष्टि और तेज बारिश
हरियाणा के पिनगवा में अचानक ओले गिरने से मौसम ने करवट ले ली। वहीं पंचकूला, यमुनानगर, करनाल और गुरुग्राम में तेज बारिश और आंधी ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई जगह जलभराव और यातायात प्रभावित हुआ।
उत्तर प्रदेश में धूलभरी आंधी का कहर
उत्तर प्रदेश के बरेली और रामपुर में तेज रफ्तार धूलभरी आंधी चली, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। आंधी के कारण सड़क किनारे लगे कई बिजली के खंभे उखड़ गए और पेड़ों की टहनियां टूटकर चलती गाड़ियों पर गिर गईं, जिससे यातायात बाधित हुआ।
बिहार में बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत
बिहार के जमुई और बांका जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में एक बच्चे समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई। अचानक हुई इन घटनाओं से गांवों में शोक का माहौल है।
महाराष्ट्र और केरल में भी जानलेवा हादसे
महाराष्ट्र के सांगली में तेज आंधी के कारण एक मंदिर की दीवार गिर गई, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं केरल के मलप्पुरम में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 4 लोगों की जान चली गई।