राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज: अलवर-कोटपूतली में झमाझम बारिश, वीडियो में जाने सीएम का दौरा रद्द; 16 जुलाई से कई जिलों में बारिश के आसार
राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मंगलवार दोपहर बाद अलवर और कोटपूतली-बहरोड़ जिले में तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी, लेकिन कई जगह जलभराव और अव्यवस्था भी देखने को मिली। कोटपूतली के पावटा में लगातार बारिश के कारण मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा भी स्थगित करना पड़ा।
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 16 जुलाई से प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी मानसून की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। यदि मौसम प्रणाली अनुकूल रही तो दक्षिण राजस्थान से आने वाले बादल अरावली पर्वतमाला को पार कर पश्चिमी और रेगिस्तानी इलाकों तक पहुंच सकते हैं।
बारिश के चलते सीएम का दौरा टला
मुख्यमंत्री का पावटा स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित शहरी सेवा शिविर में शामिल होने का कार्यक्रम था, लेकिन खराब मौसम और तेज बारिश के चलते दौरा रद्द कर दिया गया।विराटनगर विधायक कुलदीप धनखड़ ने बताया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थगित किया गया है।
बारिश से बचने के लिए अनोखे जतन
तेज बारिश के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने भीगने से बचने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए। कई लोग सिर पर कुर्सियां रखकर बारिश से बचते नजर आए। वहीं, बानसूर विधायक देवी सिंह शेखावत मंच पर लगे बैनर की आड़ लेकर बारिश से बचाव करते दिखाई दिए। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
अलवर में जलभराव, सड़कें बनीं तालाब
अलवर में हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। जलभराव के कारण सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ और कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए।निचले इलाकों में स्थित कई दुकानों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। स्थानीय प्रशासन ने जल निकासी की व्यवस्था शुरू कर दी है, लेकिन कई क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
16 जुलाई से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 16 जुलाई से राजस्थान के अन्य हिस्सों में भी मानसून सक्रिय होने की संभावना है। यदि उदयपुर संभाग से आने वाले बादलों की गति और दिशा अनुकूल रही तो बारिश का दायरा तेजी से बढ़ सकता है।मौसम विभाग के मुताबिक, उदयपुर, सलूंबर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद यह प्रणाली अरावली पर्वतमाला को पार कर पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के अन्य क्षेत्रों तक भी पहुंच सकती है।
गर्मी से राहत, किसानों की बढ़ी उम्मीदें
बारिश की शुरुआत से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में किसान लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे। मौसम विभाग का अनुमान सही साबित होता है तो आने वाले दिनों में कृषि गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।फिलहाल, मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी एडइजरी का पालन करने की सलाह दी है।