162 निकायों में कल वोटिंग, BJP ने 41 बागी नेताओं पर की कार्रवाई; चुनाव प्रचार में दिखे अनोखे रंग
राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार को मतदान होगा। प्रदेश के 162 नगर निकायों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इनमें अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा नगर निगम सहित नगर परिषद और नगर पालिकाएं शामिल हैं।
मतदान से एक दिन पहले मंगलवार को पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों की कंट्रोलिंग संभालेंगी। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
5393 वार्डों में होगा मतदान
पहले चरण में प्रदेश के 5393 वार्डों में पार्षद पद के लिए वोटिंग होगी। चुनाव मैदान में उतरे हजारों उम्मीदवारों की किस्मत बुधवार को ईवीएम में कैद हो जाएगी।
इन चुनावों में कुल 57 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। प्रशासन ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं।
BJP ने 41 बागी नेताओं को किया निष्कासित
निकाय चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले और निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करने वाले नेताओं पर कार्रवाई की है।
बीजेपी ने प्रदेशभर के 41 कार्यकर्ताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इनमें अजमेर के पूर्व मेयर धर्मेंद्र गहलोत सहित कई पूर्व पार्षद, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।
पार्टी का कहना है कि अनुशासनहीनता और अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भरतपुर में निर्दलीय प्रत्याशी का अनोखा प्रचार
चुनावी प्रचार के दौरान प्रत्याशियों के अलग-अलग अंदाज भी देखने को मिल रहे हैं। भरतपुर की बयाना नगरपालिका के वार्ड 15 से निर्दलीय प्रत्याशी प्रदीप कुमार शर्मा ने अनोखे तरीके से वोट मांगे।
उन्होंने एक थाली में फूलों के साथ चप्पलें सजाईं और उसे सिर पर रखकर वार्ड की गलियों में घूमे। उनका यह प्रचार तरीका लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
जयपुर में बीजेपी प्रत्याशी ने खुद बनाया जूस
जयपुर के वार्ड 27 में बीजेपी प्रत्याशी शंकर यादव भी अलग अंदाज में प्रचार करते नजर आए। उन्होंने एक दुकान पर खुद जूस निकाला और लोगों को पिलाया।
उन्होंने आम लोगों से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील की।
सीकर में एजाज खान ने किया प्रचार
निकाय चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में सीकर में बॉलीवुड अभिनेता और 'बिग बॉस-7' फेम एजाज खान भी मैदान में उतरे। उन्होंने सोमवार को प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया और लोगों से वोट की अपील की।
पाली में करणी सेना नेताओं को हिरासत में लिया
पाली में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो से पहले यूजीसी नियमों के विरोध में प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे करणी सेना के नेताओं पर पुलिस ने कार्रवाई की।
करणी सेना के मारवाड़ अध्यक्ष गोपाल सिंह शेखावत सहित कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह कदम उठाया।
चुनावी मुकाबला हुआ रोचक
राजस्थान के निकाय चुनाव में स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ बगावत, निर्दलीय उम्मीदवारों और बड़े नेताओं की सक्रियता ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। अब बुधवार को होने वाली वोटिंग के बाद तय होगा कि जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है।