×

राजस्थान में सरकारी स्कूल के निरीक्षण पर बवाल, वीडियो में जाने CJP कार्यकर्ताओं को ग्रामीणों ने पीटा; पथराव के बाद मचा हंगामा

 

जयपुर में सरकारी स्कूलों के निरीक्षण को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और ग्रामीणों के बीच शुक्रवार को विवाद हो गया। बगरू क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक स्कूल रामपुरा कंवरपुरा का निरीक्षण करने पहुंचे CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनके साथियों का ग्रामीणों ने विरोध किया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने CJP कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर पीटकर मौके से खदेड़ दिया। इस दौरान पथराव किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

दरअसल, CJP की ओर से जयपुर के दो सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करने का कार्यक्रम बनाया गया था। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे पार्टी के कुछ कार्यकर्ता रामपुरा कंवरपुरा स्थित सरकारी स्कूल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि स्कूल की इमारत जर्जर होने के कारण उसे बंद कर दिया गया है। फिलहाल यहां पढ़ने वाले बच्चों की कक्षाएं पास ही एक बाड़े में संचालित की जा रही हैं।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/YebQJufyd0c?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/YebQJufyd0c/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

CJP कार्यकर्ताओं के स्कूल पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। जानकारी के मुताबिक, लोगों ने पहले कार्यकर्ताओं को वहां से बाहर निकाल दिया। इसके बाद ग्रामीण सरकारी स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए और CJP के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध के दौरान गांव के मुख्य रास्ते पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर रास्ता भी रोक दिया गया।

करीब 10 बजे CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका भी मौके पर पहुंचे। उनके साथ पार्टी के अन्य लोग भी मौजूद थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और ग्रामीणों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पथराव की घटना भी सामने आई। इसके बाद CJP नेताओं और कार्यकर्ताओं को वहां से हटना पड़ा।

घटना के बाद आशुतोष रांका ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पूरे देश ने भाजपा की गुंडागर्दी लाइव देखी है और राजस्थान के लोकतंत्र में यह काला दिन है। रांका ने आरोप लगाया कि यह सब शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के कहने पर हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी 48 घंटे का समय दे रही है और इस घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने स्कूलों के निरीक्षण से जुड़े आदेश को वापस लेने की मांग की।

रांका ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन केवल शिक्षा के मुद्दे तक सीमित नहीं रहेगा और मदन दिलावर के खिलाफ भी आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि CJP कार्यकर्ता किसी तरह की गुंडागर्दी से डरने वाले नहीं हैं।

घटना को लेकर CJP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी पोस्ट किया। पार्टी ने दावा किया कि स्कूलों में बेहतरी की मांग को लेकर निरीक्षण करने गई उसकी टीम पर हमला किया गया। CJP ने राजस्थान पुलिस की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के लोग खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं और पुलिस इस मामले की अनदेखी कर रही है।

फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। स्कूल के निरीक्षण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में बदल गया है। मामले में पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है और CJP के प्रस्तावित दूसरे स्कूल के दौरे का क्या असर होगा, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।