जयपुर के सीतापुरा सेंटर पर परीक्षा में हंगामा, वीडियो में जाने बार-बार बंद हुए कंप्यूटर; परीक्षा रद्द, 5 सितंबर को फिर होगा एग्जाम
NEET PG 2026 परीक्षा के दौरान जयपुर के सीतापुरा स्थित ION डिजिटल जोन सेंटर पर रविवार को जमकर हंगामा हुआ। परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा के दौरान कंप्यूटर बार-बार बंद होते रहे, जिससे उनका पेपर प्रभावित हुआ। अभ्यर्थियों के मुताबिक करीब दो घंटे की परीक्षा अवधि में 10 बार तक परीक्षा बाधित हुई। तकनीकी दिक्कतों के कारण परेशान परीक्षार्थियों ने परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक की आशंका भी जताई।
परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सेंटर के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ने के बाद इस सेंटर पर आयोजित परीक्षा को कैंसिल कर दिया गया है। अब प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए इसी केंद्र पर 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।
सुबह 9 बजे शुरू होनी थी परीक्षा
परीक्षार्थियों के अनुसार NEET PG परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होनी थी, लेकिन तकनीकी समस्याओं के चलते परीक्षा करीब 10 बजे शुरू हो पाई। परीक्षा शुरू होने के बाद भी कंप्यूटर सिस्टम में परेशानी बनी रही और कई बार स्क्रीन बंद हो गई।अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा के दौरान लगातार कंप्यूटर बंद होने से उन्हें सवाल हल करने में परेशानी हुई। परीक्षा के बीच सिस्टम को दोबारा शुरू करना पड़ा, जिससे समय भी प्रभावित हुआ और छात्रों का ध्यान भी भटका।
रीस्टार्ट के बाद स्क्रीन पर दिखे सिर्फ कुछ सवाल
परीक्षार्थियों ने बताया कि कई कंप्यूटर बार-बार बंद होने के बाद जब दोबारा शुरू किए गए तो स्क्रीन पर केवल 3 से 4 सवाल दिखाई दे रहे थे। वहीं कुछ अन्य अभ्यर्थियों के सिस्टम में 5 से 6 सवाल दिखाई देने की बात कही गई।इस स्थिति को लेकर परीक्षार्थियों में नाराजगी बढ़ गई। उनका कहना था कि सभी उम्मीदवारों को परीक्षा देने के लिए समान परिस्थितियां और समान समय मिलना चाहिए। तकनीकी खराबी के कारण उनके प्रदर्शन पर असर पड़ा है।
पेपर लीक की भी जताई आशंका
तकनीकी गड़बड़ी के बाद कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा में पेपर लीक होने की आशंका भी जताई। हालांकि, पेपर लीक की पुष्टि अभी नहीं हुई है। परीक्षार्थियों ने परीक्षा प्रक्रिया की जांच कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।छात्रों का कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक तैयारी की थी और परीक्षा के दौरान तकनीकी खामी के कारण उनके भविष्य पर असर पड़ सकता है। इसी वजह से परीक्षा खत्म होने के बाद भी सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी सेंटर के बाहर विरोध करते रहे।
5 सितंबर को दोबारा होगी परीक्षा
हंगामा बढ़ने और तकनीकी समस्याओं को देखते हुए इस सेंटर पर आयोजित NEET PG परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। अब प्रशासन की ओर से प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित करने की जानकारी दी गई है।लहाल छात्रों की मांग है कि दोबारा होने वाली परीक्षा में तकनीकी व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए, ताकि उम्मीदवारों को फिर से किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही परीक्षार्थी इस पूरे घटनाक्रम की जांच और परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर स्पष्ट जवाब की मांग कर रहे हैं।NEET PG जैसी महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षा में तकनीकी खामी सामने आने के बाद अब परीक्षा प्रबंधन की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रभावित अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि दोबारा होने वाली परीक्षा निष्पक्ष और बिना किसी तकनीकी बाधा के संपन्न होगी।