उदयपुर ज्वेलरी शोरूम चोरी: चंबल के बीहड़ में 3 फीट गड्ढे में छिपाया था 1 करोड़ के गहनों का माल, फुटेज में देंखे 3 आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान के उदयपुर में ज्वेलरी शोरूम से करीब 1 करोड़ रुपए कीमत के आभूषण चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हाथीपोल थाना पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को आगरा के चंबल के बीहड़ों से गिरफ्तार किया है। वहीं, एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी किए गए गहनों को चंबल के बीहड़ में जमीन के अंदर करीब 3 फीट गहरे गड्ढे में छिपाकर रखा था। पुलिस अब बरामदगी और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
29 जुलाई को हुई थी चोरी की वारदात
यह घटना उदयपुर के हाथीपोल थाना क्षेत्र के पंचवटी इलाके में स्थित नवीन ज्वेलर्स शोरूम में 29 जुलाई को हुई थी। चोरी की पूरी वारदात शोरूम में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई थी।CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू की और लगातार उनकी तलाश की जा रही थी।उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
मजदूरी के बहाने की थी शोरूम की रेकी
पुलिस के अनुसार, वारदात से करीब दो महीने पहले आरोपी मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा और आनंद वर्मा उदयपुर आए थे। दोनों यहां मजदूरी का काम करने लगे थे।इसी दौरान उन्होंने नवीन ज्वेलर्स शोरूम की रेकी की और वहां की सुरक्षा व्यवस्था, आने-जाने के रास्तों और शोरूम की गतिविधियों की जानकारी जुटाई।इसके बाद आरोयों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई।
गुमानिया नाले के रास्ते पहुंचे थे आरोपी
जांच में सामने आया कि वारदात के दिन गैंग के अन्य सदस्य उदयपुर पहुंचे थे। इसके बाद आरोपी पैदल ही गुमानिया नाले में उतरकर ज्वेलरी शोरूम तक पहुंचे।आरोपियों ने योजना के अनुसार शोरूम में प्रवेश किया और लाखों-करोड़ों रुपए के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।पुलिस के मुताबिक, चोरी के बाद आरोपी सीधे चंबल क्षेत्र की ओर चले गए और वहां बीहड़ में चोरी का माल छिपा दिया।
बीहड़ से बरामदगी की कोशिश जारी
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि चोरी किए गए पूरे माल की बरामदगी की जा सके।पुलिस का कहना है कि चंबल के बीहड़ में छिपाए गए आभूषणों को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही फरार आरोपी की तलाश भी जारी है।
CCTV और तकनीकी जांच से मिली सफलता
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि मामले में CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस की टीमों की मेहनत से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गैंग ने इससे पहले भी किसी अन्य वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।