×

जयपुर में तेज रफ्तार कार का कहर, दो महिला शिक्षिकाओं को कुचला; वीडियो में जाने एक की मौत, दूसरी घायल

 

राजधानी जयपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। आमेर थाना क्षेत्र में एक ओवरस्पीड कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिला शिक्षिकाओं को टक्कर मार दी। हादसे में एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।यह हादसा बुधवार शाम करीब 4 बजे आमेर के ढड गांव स्थित 200 फीट रोड पर हुआ। दोनों शिक्षिकाएं स्कूल की छुट्टी के बाद पैदल अपने घर जाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

एक शिक्षिका की मौत, दूसरी का इलाज के बाद डिस्चार्ज

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/3IU2irYZWw0?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/3IU2irYZWw0/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

आमेर थाने के हेड कॉन्स्टेबल अमन सिंह ने बताया कि हादसे में ममता माहेश्वरी (46) पत्नी योगेश माहेश्वरी, निवासी मानबाग जयसिंहपुरा की मौत हो गई। वहीं दूसरी शिक्षिका अंजलि राजोरिया, निवासी मानबाग जयसिंहपुरा, घायल हो गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी।दोनों शिक्षिकाएं आमेर के ढड गांव स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ाती थीं। स्कूल की छुट्टी के बाद वे रोज की तरह पैदल घर लौट रही थीं, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

गुरुवार दोपहर पुलिस ने मृतका ममता माहेश्वरी का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। स्कूल के शिक्षक और छात्र भी इस घटना से सदमे में हैं।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

तेज रफ्तार बनी हादसों की बड़ी वजह

राजधानी जयपुर में लगातार बढ़ते सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात नियमों के पालन और तेज रफ्तार पर नियंत्रण की जरूरत को उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।