×

कोटा में पुलिस से बचने के लिए चंबल नदी में कूदे दो तस्कर, 100 फीट ऊंचे पुल से गिरकर मौत

 

कोटा जिले में पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे दो तस्करों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस से बचने के प्रयास में दोनों आरोपी चंबल नदी में कूद गए। करीब 100 फीट ऊंचे पुल से नीचे पथरीली जमीन पर गिरने से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे कोटा ग्रामीण के बूढ़ादित थाना क्षेत्र के मंडावरा गांव में हुई।

जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोटा से दिल्ली जाने वाले रूट पर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी थी। पुलिस को देखकर आरोपियों ने वाहन नहीं रोका और नाकाबंदी तोड़कर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, जिसके बाद दोनों आरोपी पुल पर पहुंच गए। पुलिस से बचने के लिए दोनों ने चंबल नदी में छलांग लगा दी। पुल की ऊंचाई करीब 100 फीट थी। नीचे गिरते ही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि पुल के नीचे पथरीला इलाका होने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान व उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।प्रारंभिक जानकारी में दोनों के तस्करी से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस तरह की तस्करी में शामिल थे और वे कहां से कहां जा रहे थे। इसके अलावा उनके साथ किसी अन्य व्यक्ति के जुड़े होने की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। एक्सप्रेसवे पर हुई इस घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और नाकाबंदी को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी है।घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए आरोपियों ने जान जोखिम में डालकर पुल से छलांग लगाई, लेकिन ऊंचाई अधिक होने के कारण वे हादसे का शिकार हो गए। मामले की जांच जारी है।