जयपुर में देर रात दो बड़े सड़क हादसे, बच्चों से भरे वाहन की स्विफ्ट से भिड़ंत; फुटेज में देंखे दो स्कॉर्पियो टकराईं, 4 घायल
जयपुर में सोमवार देर रात तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। गोपालपुरा पुलिया पर बच्चों से भरा वाहन स्विफ्ट कार से टकरा गया। वहीं, जवाहर नगर इलाके में दो तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आपस में भिड़ गईं। दोनों हादसों के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जवाहर नगर हादसे में 3 से 4 लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया।
गोपालपुरा पुलिया पर बच्चों से भरे वाहन की कार से टक्कर
पहला हादसा सोमवार रात करीब 10 बजे गोपालपुरा से ओटीएस को जोड़ने वाली पुलिया पर हुआ। यहां गुरु कृपा कोचिंग के बच्चों से भरे वाहन और एक स्विफ्ट कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और पुलिया पर जाम लग गया।हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात दोबारा सुचारू हो सका। राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद बच्चों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
जवाहर नगर में दो स्कॉर्पियो की जोरदार भिड़ंत
दूसरा हादसा सोमवार रात करीब 11:30 बजे जवाहर नगर थाना इलाके में पुलिया नंबर एक स्थित शंकर मिष्ठान भंडार के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार से आ रही दो स्कॉर्पियो कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क किनारे लगा रोड लाइट का पोल भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दुर्घटना में 3 से 4 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
देर रात तेज रफ्तार बनी हादसों की वजह
जयपुर में सोमवार रात कुछ ही घंटों के अंतराल में हुए इन दोनों हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को सामने ला दिया। एक हादसे में बच्चों से भरा वाहन शामिल था, जबकि दूसरे में दो एसयूवी आपस में भिड़ गईं। गनीमत रही कि गोपालपुरा हादसे में किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। वहीं, जवाहर नगर हादसे में घायलों का अस्पताल में उपचार जारी रहा।