NEET पेपर रद्द होने पर टीकाराम जूली का हमला, फुटेज में जानें “राजस्थान पुलिस ने केस क्यों दर्ज नहीं किया?”
नीट परीक्षा रद्द होने और पेपरलीक मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने के बाद राजस्थान की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य सरकार और जांच एजेंसियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
टीकाराम जूली ने कहा कि नीट पेपरलीक को लेकर लगातार शिकायतें सामने आने के बावजूद राजस्थान पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने अब तक मामला दर्ज क्यों नहीं किया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर इस मामले को पेपरलीक क्यों नहीं माना गया।
जूली ने कहा, “अब राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने खुद परीक्षा रद्द कर दी है और सरकार ने जांच सीबीआई को सौंप दी है। ऐसे में साफ है कि मामला गंभीर था, फिर शुरुआत में कार्रवाई क्यों नहीं की गई?”
उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की जांच कोर्ट की निगरानी में करवाई जानी चाहिए। जूली ने कहा कि अब देश की जनता का भरोसा सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों पर कम होता जा रहा है, इसलिए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक निगरानी जरूरी है।
नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में 89 पेपर लीक हो चुके हैं। उन्होंने इसे “पेपर लीक की कड़वी सच्चाई” बताते हुए आरोप लगाया कि हर बार सरकार बड़े-बड़े दावे और सख्त कार्रवाई की बातें करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर युवाओं का भविष्य लगातार प्रभावित हो रहा है।
जूली ने कहा, “भाजपा सरकार युवाओं की मेहनत, समय और भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ कर रही है। लाखों छात्र दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी उम्मीदों को तोड़ देती हैं।”
गौरतलब है कि नीट परीक्षा को लेकर देशभर में विवाद और विरोध लगातार बढ़ रहा है। कई राज्यों से परीक्षा प्रक्रिया और पेपर लीक को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे में राजस्थान में विपक्ष सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा।