×

राजस्थान में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का कहर, वीडियो में देखें कई जगह पेड़ गिरे, ट्रैफिक प्रभावित

 

राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। दौसा जिले के लालसोट और मानपुर क्षेत्र में तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई, वहीं करीब 20 मिनट तक ओले भी गिरे। मानपुर में लगभग एक घंटे तक मौसम का यह तांडव जारी रहा। मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र में भी ओलावृष्टि दर्ज की गई।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/7JMFO_IHGuY?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/7JMFO_IHGuY/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

कोटपूतली-बहरोड़ के नारायणपुर क्षेत्र में भी ओलों की बारिश हुई। इसके अलावा अलवर जिले के मालाखेड़ा और हनुमानगढ़ के रावतसर में भी ओलावृष्टि से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज आंधी के कारण रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मिलकपुर गांव में कई पेड़ उखड़ गए और झुग्गी-झोपड़ियां तक उड़ गईं। वहीं, जयपुर में भी आंधी का असर देखने को मिला। हवामहल के सामने एक बड़ा पेड़ गिरने से ट्रैफिक बाधित हो गया।

दौसा के मानपुर चौराहे के पास जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर पेड़ गिरने के कारण करीब 40 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी।

इधर, जैसलमेर जिले में दूसरी ओर हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 8वीं कक्षा तक के स्कूलों के समय में बदलाव किया है, ताकि बच्चों को राहत मिल सके। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी आंधी-बारिश की संभावना जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर तेज हवाओं के दौरान पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने को कहा गया है।

फिलहाल, प्रदेश में एक ओर जहां बारिश और ओलों से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर आंधी के कारण नुकसान और अव्यवस्था की स्थिति भी देखने को मिल रही है।