जयपुर के जवाहर सर्किल पर हजारों युवाओं का प्रदर्शन, पेपर लीक रोकने और परीक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग; एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे चाकू लेकर पहुंचे युवक की पिटाई
राजस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और पेपर लीक जैसी घटनाओं के विरोध में गुरुवार रात जयपुर के जवाहर सर्किल पर बड़ी संख्या में युवा सड़कों पर उतर आए। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर पहुंचे युवाओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्राओं और महिलाओं ने भी भाग लिया। अचानक हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारियों के पहुंचने से जवाहर सर्किल और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। पुलिस और प्रशासन को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
युवाओं ने उठाई परीक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग
प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने राजस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक होने से मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित होता है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि:
- प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
- पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
- दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
- कोचिंग संस्थानों की फीस और व्यवस्थाओं को नियंत्रित किया जाए।
युवाओं का कहना था कि सरकार को छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए और परीक्षा प्रणाली में स्थायी सुधार करने चाहिए।
पुलिस ने की घर जाने की अपील
रात करीब 10:30 बजे जयपुर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे युवाओं से शांतिपूर्वक घर लौटने की अपील की। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर डटे रहे और मौके से हटने को तैयार नहीं हुए।पुलिस ने स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी और यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के प्रयास किए।
चाकू लेकर पहुंचे युवक को प्रदर्शनकारियों ने पकड़ा
प्रदर्शन के दौरान देर रात एक युवक कथित तौर पर चाकू लेकर प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंच गया। युवाओं ने उसे संदिग्ध गतिविधि करते हुए पकड़ लिया।इसके बाद गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब युवक से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह चाकू लेकर वहां क्यों पहुंचा था।
प्रदर्शन के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई
जवाहर सर्किल पर बड़ी संख्या में युवाओं के जुटने के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था को लेकर युवाओं में बढ़ती नाराजगी के बीच जयपुर में हुआ यह प्रदर्शन अब चर्चा का विषय बन गया है। युवाओं का कहना है कि जब तक परीक्षा प्रणाली में सुधार नहीं होगा, तब तक उनकी आवाज उठती रहेगी।