जयपुर के जवाहर सर्किल वॉकिंग ट्रैक पर चोरों का कहर, 10 दिन में 86 लाइटें चोरी; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
राजधानी जयपुर का सबसे व्यस्त और हाई-प्रोफाइल जवाहर सर्किल वॉकिंग ट्रैक अब चोरों के निशाने पर आ गया है। जहां रोजाना हजारों लोग बेहतर स्वास्थ्य के लिए सुबह-शाम टहलने आते हैं, वहीं बेखौफ बदमाशों ने यहां से बड़ी संख्या में लाइटें चोरी कर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।जानकारी के अनुसार, जवाहर सर्किल का करीब 1300 मीटर लंबा सिंथेटिक वॉक-वे शहर के प्रमुख वॉकिंग ट्रैक में शामिल है। यहां हर दिन बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग और इवनिंग वॉक के लिए पहुंचते हैं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से चोरों ने यहां लगे स्ट्रीट लाइट सिस्टम को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि पिछले 10 दिनों में बदमाशों ने 86 लाइटें चोरी कर लीं। चोरी की इस घटना के बाद वॉकिंग ट्रैक के कई हिस्सों में अंधेरा छा गया है। इससे सुबह और शाम आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जवाहर सर्किल जैसे प्रमुख पर्यटन और वॉकिंग स्थल पर इस तरह की चोरी की घटनाएं चिंता का विषय हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और नियमित निगरानी की मांग की है।
लोगों का आरोप है कि बदमाश बिना किसी डर के वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या में लाइटें चोरी होना यह बताता है कि चोरों को लंबे समय तक मौका मिलता रहा और निगरानी व्यवस्था कमजोर रही।वहीं, जिम्मेदार विभागों ने मामले को गंभीरता से लिया है। चोरी हुई लाइटों की जानकारी जुटाई जा रही है और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा रही है। पुलिस से भी इस संबंध में कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
जवाहर सर्किल न केवल स्थानीय लोगों के लिए बल्कि शहर आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र है। ऐसे में यहां सुविधाओं और सुरक्षा को बनाए रखना जरूरी है। अगर समय रहते चोरियों पर रोक नहीं लगाई गई तो अन्य सुविधाओं को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहेगी। फिलहाल प्रशासन के सामने चुनौती है कि चोरी हुई लाइटों की भरपाई के साथ-साथ ऐसी घटनाओं को दोबा रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था तैयार की जाए। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि वॉकिंग ट्रैक पर सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा गश्त बढ़ाई जाए, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में इसका उपयोग कर सकें।