×

जयपुर के प्रसिद्ध श्रवण माता मंदिर में 7वीं बार चोरी, दानपात्र लेकर फरार हुआ चोर; CCTV में कैद हुई वारदात

 

जयपुर जिले के चौमूं उपखंड क्षेत्र स्थित चीथवाड़ी के प्रसिद्ध श्रवण माता मंदिर में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। रविवार देर रात अज्ञात चोर मंदिर परिसर में रखा दानपात्र उठाकर फरार हो गया। आशंका है कि दानपात्र में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई हजारों रुपये की नकदी मौजूद थी। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

कंबल ओढ़कर मंदिर में घुसा चोर

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/TNBWVTCQJ-I?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/TNBWVTCQJ-I/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति कंबल ओढ़कर मंदिर परिसर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। कुछ देर तक इधर-उधर देखने के बाद वह दानपात्र उठाकर मौके से फरार हो जाता है। चोरी की वारदात रात के सन्नाटे में हुई, जिससे किसी को इसकी भनक नहीं लग सकी।सुबह मंदिर पहुंचने पर पुजारियों और श्रद्धालुओं को दानपात्र गायब मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

दानपात्र में थी हजारों रुपये की नकदी

मंदिर समिति के अनुसार, दानपात्र में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई हजारों रुपये की नकदी होने का अनुमान है। हालांकि, चोरी गई राशि का सही आंकलन दानपात्र मिलने या जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

श्रवण माता मंदिर में 7वीं बार चोरी

स्थानीय लोगों के अनुसार, श्रवण माता मंदिर में चोरी की यह सातवीं घटना है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पहले भी कई बार मंदिर को निशाना बनाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को पर्याप्त रूप से मजबूत नहीं किया गया।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच

घटना की सूचना मिलते ही जाटावाली चौकी प्रभारी बाबूलाल मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली।फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

सुरक्षा बढ़ाने की उठी मांग

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों और मंदिर समिति ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने और रात में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा।