राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, वीडियो में जाने 11 सितंबर से बारिश का दौर शुरू; 5 जिलों में यलो अलर्ट
राजस्थान में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश में 11 सितंबर से बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना जताई है। शुक्रवार को राज्य के पांच जिलों में तेज बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 12 और 13 सितंबर को भी कई संभागों में बारिश की चेतावनी दी गई है।मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया लो-प्रेशर सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
भरतपुर, जयपुर समेत इन संभागों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भरतपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद 12 और 13 सितंबर को भी इन इलाकों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है।हालांकि, इस सिस्टम का सबसे ज्यादा असर ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में देखने को मिल सकता है, जहां भारी से अतिभारी बारिश की संभावना जताई गई है। राजस्थान में इसका असर सीमित रहने की उम्मीद है।
बुधवार को दिनभर रही धूप, बढ़ा तापमान
इससे पहले बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर शहरों में सुबह से देर शाम तक धूप खिली रही। दिन में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस हुई, जबकि सुबह और शाम चलने वाली हवाओं से मौसम सुहावना बना रहा।मौसम साफ रहने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश के 10 से ज्यादा शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
गंगानगर में पारा 39.4 डिग्री पहुंचा
बुधवार को सबसे ज्यादा गर्मी श्रीगंगानगर में रही। यहां दिन का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बारिश की गतिविधियां कम होने और लगातार धूप निकलने से प्रदेश में तापमान बढ़ने लगा है।जयपुर में भी दिन का तापमान करीब 34-35 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में बादल छाने और कुछ जगहों पर बारिश होने से तापमान में गिरावट आ सकती है।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बदलेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र आने वाले दिनों में मध्य भारत की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।फिलहाल प्रदेश में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है, लेकिन 11 सितंबर के बाद मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है। बारिश होने से किसानों और आम लोगों को राहत मिलने की संभावना है। वहीं प्रशासन ने संभावित बारिश को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।