पुरानी रंजिश में बदमाशों का आतंक, एक ही परिवार के चार लोगों पर चाकू से हमला; आरोपी फरार
राजस्थान के कोटा जिले में पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने एक ही परिवार के चार लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना दादाबाड़ी थाना क्षेत्र की उड़िया बस्ती की है। हमले में तीन भाइयों और एक महिला को चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में कराया गया है।घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घर के बाहर खड़े युवक से शुरू हुआ विवाद
घायल रोहित ने बताया कि शुक्रवार देर रात उसका भाई अजय घर के बाहर सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान दो बदमाश वहां पहुंचे और अजय के साथ विवाद करने लगे।देखते ही देखते दोनों आरोपियों ने अजय के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर रोहित मौके पर पहुंचा और अपने भाई को बचाने की कोशिश की।
बीच-बचाव करने पर रोहित पर भी किया हमला
रोहित ने बताया कि जैसे ही उसने अजय को बचाने का प्रयास किया, आरोपियों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया।आरोप है कि बदमाशों ने अजय के पेट में चाकू से 4 से 5 वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
भाभी बचाने पहुंचीं तो उन पर भी हमला
घटना के दौरान रोहित की भाभी रानी भी झगड़ा रोकने और परिवार के सदस्यों को बचाने के लिए पहुंचीं।रानी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से पुरानी रंजिश चल रही थी। जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके हाथ पर चाकू से वार कर दिया।हमले में रानी के हाथ में गंभीर चोट आई और इलाज के दौरान उनके हाथ में 11 टांके लगाए गए।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद दादाबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।एक ही परिवार के चार लोगों पर हुए हमले के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।