जयपुर में निर्दलीय प्रत्याशी की दुकान GST विभाग ने की सीज, कार्रवाई से गरमाई सियासत; सैनी ने लगाए गंभीर आरोप
राजस्थान की राजधानी जयपुर में चुनावी माहौल के बीच GST विभाग की कार्रवाई को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। वार्ड 12 से निर्दलीय प्रत्याशी बनवारी लाल सैनी की एशियन पेंट की दुकान को GST विभाग की टीम ने सीज कर दिया। इस कार्रवाई के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है।
झोटवाड़ा थाने के पास स्थित दुकान पर हुई कार्रवाई
बनवारी लाल सैनी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5 बजे GST विभाग की टीम झोटवाड़ा थाने के पास स्थित उनकी एशियन पेंट की दुकान पर पहुंची और दुकान को सीज कर दिया। सैनी एशियन पेंट के डीलर बताए जा रहे हैं।कार्रवाई के बाद उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान उके खिलाफ दबाव बनाने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
सैनी ने कार्रवाई को चुनाव से जोड़ा
निर्दलीय प्रत्याशी बनवारी लाल सैनी ने आरोप लगाया कि वह नगर निगम चुनाव में मैदान में हैं और उनके पक्ष में बन रहे माहौल को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अगर GST विभाग को जांच करनी थी तो पहले नोटिस दिया जाना चाहिए था।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान अधिकारियों से शिकायतकर्ता का नाम पूछा गया, लेकिन उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
GST विभाग ने नियमों के तहत कार्रवाई की बात कही
वहीं, विभाग की ओर से की गई कार्रवाई को टैक्स नियमों और जांच प्रक्रिया से जुड़ा बताया गया है। GST विभाग ने जयपुर समेत अन्य जिलों में भी कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच की है। विभागीय जांच में कुछ मामलों में टैक्स देयता सामने आने और राशि जमा किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
चुनावी माहौल में बढ़ी राजनीतिक गर्मी
जयपुर नगर निगम चुनाव के बीच इस कार्रवाई ने राजनीतिक रंग ले लिया है। वार्ड 12 से बनवारी लाल सैनी निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में हैं।सैनी ने कहा है कि वह इस मामले को लेकर आगे कानूनी कदम उठाने पर विचार करेंगे। उन्होंने एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की जांच कराने की बात कही है।
अन्य प्रतिष्ठानों पर भी हुई जांच
GST विभाग की टीमों ने जयपुर के अलावा अलवर, सवाई माधोपुर और डीडवाना-कुचामन समेत अन्य क्षेत्रों में भी कारोबारियों के प्रतिष्ठानों की जांच की है। विभाग के अनुसार, इन कार्रवाइयों का उद्देश्य टैक्स नियमों के पालन की जांच करना है।जयपुर में निर्दलीय प्रत्याशी बनवारी लाल सैनी की दुकान सीज होने के बाद चुनावी माहौल में सियासी विवाद तेज हो गया है। जहां सैनी इसे दबाव की कार्रवाई बता रहे हैं, वहीं GST विभाग इसे नियमों के तहत की गई जांच बता रहा है।