शिक्षा विभाग ने करा दिया आयोजन, आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन
अंता विधानसभा उपचुनाव के लिए जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है और धारा 163 भी लागू है। जिला निर्वाचन विभाग आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने में जुटा है, वहीं शिक्षा विभाग इसका उल्लंघन कर रहा है।
आचार संहिता के दौरान सरकारी लाभ प्रदान करने वाले किसी भी शिविर पर रोक है। इस बीच, समग्र शिक्षा विभाग द्वारा शहर के कोटा रोड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में कक्षा 1 से 12 तक के दिव्यांग विद्यार्थियों का मूल्यांकन कर उन्हें लाभकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिले के चार ब्लॉक अटरू, छबड़ा, छीपाबड़ौद और बारां के विद्यार्थियों को सोमवार को जिला मुख्यालय पर आमंत्रित किया गया है। अंता, मांगरोल, शाहाबाद और किशनगंज के विद्यार्थियों को 4 नवंबर को आमंत्रित किया जाएगा। शिविर में चिकित्सा प्रमाण पत्र, रोडवेज पास, शारीरिक सहायक उपकरणों का पंजीकरण और ई-मित्र के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का भी कार्य किया जा रहा है।
सीडब्ल्यूएसएन संपर्क सूत्र राजेंद्र प्रसाद चतुर्वेदी ने बताया कि समाज कल्याण विभाग विद्यार्थियों को आवश्यक उपकरण वितरित करेगा। मेडिकल बोर्ड से प्रमाण पत्र, रोडवेज से निःशुल्क यात्रा पास और अन्य मूल्यांकन भी दिए जा रहे हैं। इस शिविर के संबंध में समेकित शिक्षा विभाग के एडीपीसी हरिश्चंद्र प्रजापति ने बताया कि यह आंतरिक मूल्यांकन शिविर है और इसके लिए जिला कलेक्टर से अनुमति प्राप्त कर ली गई है।
जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है। किसी भी प्रकार का कोई भी सरकारी शिविर आयोजित नहीं किया जा सकता। चुनाव की तारीखों की घोषणा के तुरंत बाद सभी विभागों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए थे। यदि ऐसा है तो दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।