×

डमी कैंडिडेट बैठाकर बनी थी वनरक्षक, SOG ने युवती को किया गिरफ्तार; वीडियो में जाने REET परीक्षा में भी कर चुकी थी फर्जीवाड़े की कोशिश

 

राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़े के खिलाफ कार्रवाई के तहत स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने एक महिला वनरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवती ने डमी कैंडिडेट के जरिए परीक्षा दिलवाकर वनरक्षक की नौकरी हासिल की थी। इतना ही नहीं, इससे पहले वह REET-2021 परीक्षा में भी अपनी जगह डमी अभ्यर्थी को बैठाने की कोशिश कर चुकी थी।

एसओजी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी युवती प्रमिला से फिलहाल पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आया कि उसने वनरक्षक भर्ती में फर्जी तरीके अपनाकर सरकारी नौकरी हासिल की और बाद में पुलिस सत्यापन के दौरान भी महत्वपूर्ण जानकारी छिपाई।

https://youtu.be/jqcsGf7SUvQ <a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/jqcsGf7SUvQ?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/jqcsGf7SUvQ/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

REET परीक्षा में पहले ही पकड़ी गई थी

एसओजी की जांच में पता चला कि वर्ष 2021 की REET भर्ती परीक्षा में भी प्रमिला ने अपनी जगह डमी कैंडिडेट को परीक्षा दिलाने की योजना बनाई थी। हालांकि परीक्षा शुरू होने से पहले ही जयपुर के सिंधी कैंप थाना पुलिस ने मुख्य अभ्यर्थी और डमी कैंडिडेट दोनों को पकड़ लिया था।

इस मामले में वर्ष 2021 में सिंधी कैंप थाने में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके बावजूद आरोपी ने इस प्रकरण की जानकारी छिपाकर आगे सरकारी नौकरी पाने की कोशिश जारी रखी।

पुलिस केस छिपाकर हासिल की नौकरी

जांच में यह भी सामने आया कि वनरक्षक पद पर नियुक्ति के दौरान प्रमिला ने अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले की जानकारी नहीं दी। आरोप है कि उसने पुलिस सत्यापन के दौरान दर्ज केस को छिपाया और कथित रूप से धोखे से सत्यापन कराकर वनरक्षक पद पर जॉइनिंग कर ली।

एसओजी के मुताबिक, पुलिस सत्यापन के दौरान केस दर्ज होने की जानकारी छिपाने के कारण नियुक्ति प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हुए हैं। अब एजेंसी इस पूरे मामले में यह भी जांच कर रही है कि सत्यापन प्रक्रिया में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा मिलीभगत तो नहीं थी।

पूरे नेटवर्क की जांच जारी

एसओजी अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वनरक्षक भर्ती में डमी कैंडिडेट की व्यवस्था किसने कराई थी और इस फर्जीवाड़े में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। जांच एजेंसी भर्ती परीक्षा से जुड़े पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है और मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।