×

कांग्रेस को फिर चखना पड़ा हार का स्वाद, राजस्थान नगर निकाय उपचुनाव में भाजपा ने दर्ज की बड़ी जीत

 

राजस्थान में हुए नगर निकाय उपचुनाव के नतीजों में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया है। कुल 36 सीटों पर चुनाव हुए थे, जिनमें से बीजेपी और उसके समर्थकों ने 28 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसे पार्टी के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। वहीं कांग्रेस को सिर्फ 4 सीटों पर जीत मिली है, जिससे उसे बड़ा झटका लगा है। भारतीय आदिवासी पार्टी ने भी 2 सीटों पर कब्जा किया है। इन नतीजों से साफ है कि राज्य में बीजेपी की पकड़ मजबूत हो रही है, जबकि कांग्रेस को जनता का समर्थन कम मिल रहा है।

लक्ष्मणगढ़ में भाजपा को बड़ी जीत

सीकर जिले की लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका के वार्ड नंबर 9 में हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सरिता शर्मा ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी वंदना शर्मा को 365 वोटों से हराया। सरिता को कुल 640 वोट मिले, जबकि वंदना को 275 वोट मिले। निर्दलीय प्रत्याशी पूनम देवी को मात्र 59 वोट मिले और 8 वोट नोटा में गए। इस बड़ी जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। भाजपा मंडल अध्यक्ष ललित पंवार ने इसे वार्डवासियों की जीत बताते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में कोई विकास नहीं हुआ, इसलिए जनता ने भाजपा पर भरोसा किया।

बारां में भी भाजपा की जीत

बारां नगर परिषद के वार्ड नंबर 13 में भी भाजपा ने जीत दर्ज की। यहां से भाजपा प्रत्याशी कौशल किशोर नागर ने कांग्रेस प्रत्याशी को 83 मतों से हराया। यह जीत पार्टी के लिए भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बारा और सीकर जिलों समेत राज्य के 12 जिलों में ये उपचुनाव हुए थे। इन उपचुनावों को स्थानीय स्तर पर जनता के मूड का संकेत माना जा रहा है और भाजपा की भारी जीत राज्य में उसके मजबूत होते आधार की ओर इशारा करती है।

कांग्रेस की स्थिति और राजनीतिक संकेत

यह उपचुनाव कांग्रेस के लिए किसी चेतावनी से कम नहीं है। महज 4 सीटें जीतने वाली पार्टी को अपनी स्थिति पर विचार करने की जरूरत है। खासकर लक्ष्मणगढ़ जैसी सीट पर, जहां से वरिष्ठ कांग्रेस नेता और प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा विधानसभा में प्रतिनिधित्व करते हैं, वहां भाजपा की जीत कांग्रेस के लिए चिंता का विषय बन गई है। इन नतीजों से साफ है कि राज्य की जनता अब विकास कार्यों की मांग को लेकर मतदान कर रही है और भाजपा इस दिशा में अपनी पकड़ मजबूत करती दिख रही है। राजस्थान नगर निकाय उपचुनावों के नतीजे साफ संकेत दे रहे हैं कि भाजपा राज्य की राजनीति में लगातार आगे बढ़ रही है।