☰
×

सुनील कोठारी बने जयपुर नगर निगम के नए मेयर, वीडियो में जाने 89 वोट से जीत; कांग्रेस की सुनीता मावर को 60 वोट

 

जयपुर नगर निगम को नया मेयर मिल गया है। भाजपा के सुनील कोठारी ने मेयर पद के चुनाव में कांग्रेस की सुनीता मावर को हराकर जीत दर्ज की। शुक्रवार को हुए मतदान में सुनील कोठारी को 89 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता मावर के पक्ष में 60 वोट पड़े। सुनील कोठारी ने बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए जयपुर नगर निगम के मेयर पद पर कब्जा किया। भाजपा के पार्षदों के अलावा उन्हें 11 अन्य वोट भी मिले। नतीजे सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।

जनता का जीवन सरल बनाना प्राथमिकता

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/fyhsgESV6bE?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/fyhsgESV6bE/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

जीत के बाद सुनील कोठारी ने कहा कि जयपुर की जनता का जीवन सरल बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि जयपुर के इतिहास और परंपराओं को साथ लेकर शहर का विकास किया जाएगा।कोठारी ने कहा कि ऐसा जयपुर बनाने की कोशिश होगी, जहां लोगों के सपनों को उड़ान मिल सके। उन्होंने मजबूत विपक्ष को भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी बताया और कहा कि विपक्ष की मौजूदगी से शहर को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

स्वच्छता पर रहेगा विशेष जोर

नवनिर्वाचित मेयर ने स्वच्छता को अपनी पहली प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि जयपुर को साफ-सुथरा बनाने के लिए काम किया जाएगा। शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने और आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।कोठारी ने कहा कि राजनीतिक और वैचारिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन जयपुर के विकास के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए।

परकोटे की विरासत को संरक्षित करने की बात

सुनील कोठारी ने जयपुर के ऐतिहासिक परकोटे को लेकर भी अपनी प्राथमिकता बताई। उन्होंने कहा कि परकोटा जयपुर की ऐतिहासिक पहचान है और इसकी विरासत को बनाए रखने के लिए काम किया जाएगा।उन्होंने विकास के साथ शहर की ऐतिहासिक पहचान और परंपराओं को सुरक्षित रखने की बात कही।

वार्ड 112 से जीते थे पार्षद

सुनील कोठारी वार्ड 112 से पार्षद चुने गए थे। नगर निगम चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को करीब 900 वोटों के अंतर से हराया था।भाजपा संगठन में भी कोठारी अलग-अलग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वह भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष के साथ प्रदेश सचिव और प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर भी काम कर चुके हैं।मेयर बनने के बाद अब उनके सामने जयपुर नगर निगम के कामकाज को बेहतर करने, स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने और शहर की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी।