दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में वापस लौटी गर्मी, कब शुरू होगा बारिश का दौर, IMD ने बताया
देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश हुई है। बारिश के बाद राजधानी और कई राज्यों में एक बार फिर भीषण गर्मी पड़ रही है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्य ऐसे हैं, जहां भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक अगले हफ्ते दिल्ली और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में लू चलने वाली है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस हफ्ते उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में लू चलने का अनुमान जताया है। IMD का मानना है कि 11 जून तक उत्तर से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। 12 जून से मानसून फिर तेजी से आगे बढ़ना शुरू करेगा। उसके बाद जल्द ही मानसून मध्य और पूर्वी भारत में पहुंचेगा। इसके बाद बारिश देखने को मिल सकती है।
29 जून तक दिल्ली-एनसीआर पहुंचेगा मानसून
दूसरी तरफ अगर दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो यहां मानसून पहुंचने में अभी समय लगेगा। जून के आखिर तक दिल्ली-एनसीआर में मानसून पहुंचेगा। मौसम विभाग ने 29 जून तक दिल्ली-एनसीआर में मानसून के पहुंचने का अनुमान जताया है। इस बार भारत में मानसून तय समय से पहले पहुंचा है, जिसके चलते उम्मीद है कि मानसून तय समय से तीन-चार दिन पहले दिल्ली पहुंच सकता है।
आने वाले दिनों में राजधानी में भीषण गर्मी
अब मानसून कमजोर पड़ गया है। ऐसे में कहा जा रहा है कि अब यह छह से सात दिन की देरी से दिल्ली पहुंच सकता है। फिलहाल दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ सकता है। शनिवार को दिल्ली में पारा 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज राजधानी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सोमवार को अधिकतम तापमान 42 और मंगलवार को 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।