जयपुर के जोबनेर में पत्थर की खान ढही, 5 घंटे बाद मलबे से निकला मजदूर का शव; मशीन ड्राइवर घायल
राजस्थान के जयपुर जिले के जोबनेर क्षेत्र में पत्थर की खान ढहने से बड़ा हादसा हो गया। महेशवास गांव के पास मंगलवार शाम करीब 5 बजे हुई इस घटना में मलबे में दबने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि मशीन ड्राइवर घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे मजदूर का शव मलबे से बाहर निकाला जा सका। वहीं, मशीन ड्राइवर को मंगलवार शाम ही सुरक्षित निकाल लिया गया था।
बंधे के बालाजी के पास स्थित खदान में हुआ हादसा
जोबनेर थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा के अनुसार, हादसा मंगलवार शाम महेशवास गांव में बंधे के बालाजी के पास स्थित पत्थर की खदान में हुआ। खदान ढहने से वहां काम कर रहे मजदूर और मशीन ड्राइवर मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलने पर जोबनेर थाना पुलिस और सांभर लेक के एसडीएम ऋषिराज कपिल सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मशीन ड्राइवर को शाम को ही निकाला
हादसे की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मशीन ड्राइवर दुर्गेश जायसवाल को मंगलवार शाम ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, खदान में हेल्पर का काम करने वाला युवक मलबे में दबा रह गया। उसकी तलाश के लिए सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया।
जेसीबी और पॉकलेन मशीनों से हटाया मलबा
मलबे में दबे मजदूर को निकालने के लिए रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। बचाव दल ने जेसीबी और पॉकलेन मशीनों की मदद से खदान से पत्थर और मलबा हटाया। काफी मशक्कत के बाद बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे मजदूर का शव बाहर निकाला जा सका। हादसे के बाद बचाव कार्य के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद रहीं।
उत्तर प्रदेश का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी सच्चेलाल यादव के रूप में हुई है। वह खदान में हेल्पर के तौर पर काम करता था। शव को जोबनेर अस्पताल की मोर्चुरी में रखवाया गया है।हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। खदान ढहने की घटना ने वहां काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस और प्रशासन मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहे हैं।