22 गोदाम एलिवेटेड रोड पर तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी को मारी टक्कर, फुटेज में देंखे महिला की मौत; ड्राइवर फरार
जयपुर के 22 गोदाम स्थित एलिवेटेड रोड पर मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पीहर जाते समय हुआ हादसा
सोड़ाला थानाधिकारी मनोज बेरवाल ने बताया कि हादसा मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। पूजा शर्मा श्याम नगर स्थित अपने घर से स्कूटी पर ब्रह्मपुरी स्थित अपने पीहर जा रही थीं।इसी दौरान 22 गोदाम एलिवेटेड रोड पर तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी पहले सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई।
टक्कर के बाद 100 मीटर तक घिसटी स्कूटी
हादसे के बाद स्कूटी सड़क पर घिसटती हुई करीब 100 मीटर तक चली गई। दुर्घटना में पूजा शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की।
एम्बुलेंस से पहुंचाया एसएमएस अस्पताल
इसी दौरान इस रूट से गुजर रही एक एम्बुलेंस की मदद से पूजा शर्मा को एसएमएस अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर हालत के चलते उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।महिला की मौत की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश
पुलिस अब हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी है। सोड़ाला थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज के आधार पर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और फरार वाहन चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है।