सीकर निकाय चुनाव: दोपहर 3 बजे तक 57.47% मतदान, वीडियो में देंखे फर्जी वोटिंग के आरोप में 4 लोग पकड़े गए
राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में सीकर नगर परिषद समेत कई निकायों में मतदान जारी है। सीकर नगर परिषद के 65 वार्डों में से 64 वार्डों के लिए शुक्रवार को वोटिंग हो रही है। वहीं, वार्ड 65 में कांग्रेस प्रत्याशी की पहले ही निर्विरोध जीत हो चुकी है।मतदान के दौरान सीकर में फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर हंगामा भी देखने को मिला। पुलिस ने अलग-अलग जगहों से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
वार्ड 18 में कांग्रेस प्रत्याशी के बेटे पर फर्जी वोटिंग का आरोप
सीकर नगर परिषद के वार्ड 18 में कांग्रेस प्रत्याशी साबिर के बेटे पर तीन बार फर्जी वोटिंग करने का आरोप लगा है।आरोप है कि वह स्कूल नंबर-5 में बने मतदान केंद्र के सामने एक घर में छिपा बैठा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुएउसे पकड़ा। इसके साथ ही पुलिस ने दो महिला मतदाताओं को भी हिरासत में लिया, जिन पर फर्जी मतदान का आरोप लगाया गया है।
बालिका आदर्श विद्या मंदिर बूथ से युवक पकड़ा
इसके अलावा बायोस्कोप के सामने स्थित बालिका आदर्श विद्या मंदिर मतदान केंद्र पर भी फर्जी मतदान की शिकायत सामने आई।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को पकड़ा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
बिना नंबर की गाड़ियों पर कार्रवाई
मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सख्ती दिखाई। पुलिस ने क्षेत्र में घूम रही बिना नंबर की गाड़ियों की हवा निकाल दी।वहीं, वार्ड 6 की भाजपा प्रत्याशी नीतू के देवर को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मतदान क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।
सीकर नगर परिषद में 57.47% मतदान
सीकर नगर परिषद में दोपहर 3 बजे तक 57.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिल रही हैं।इसके अलावा रामगढ़ शेखावाटी, लोसल और धोद नगर पालिका में भी मतदान प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।चुनाव अधिकारियों का कहना है कि मतदान केंद्रों पर किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।