☰
×

SI भर्ती पेपर लीक: फुटेज में देंखे दो साल से फरार 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, 35 लाख में बेचे थे पेपर

 

राजस्थान में सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अतुल विश्नोई उर्फ श्रीराम विश्नोई के रूप में हुई है। वह जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र के श्रीराम दांतीवास गांव का रहने वाला है। एसओजी के अनुसार, आरोपी पेपर लीक गिरोह के सरगना जगदीश विश्नोई और ओमप्रकाश ढाका गैंग का सदस्य है।

एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि जांच में सामने आया है कि अतुल विश्नोई ने लीक हुआ प्रश्न पत्र जोधपुर के दिनेश विश्नोई और सुभाष विश्नोई को मोटी रकम लेकर उपलब्ध कराया था। आरोपी ने दिनेश विश्नोई को 15 लाख रुपए और सुभाष विश्नोई को 20 लाख रुपए में पेपर दिया था। इस तरह दोनों को कुल 35 लाख रुपए में लीक प्रश्न पत्र उपलब्ध कराया गया था।जांच के अनुसार, जगदीश विश्नोई के हैंडलर के माध्यम से लिखित परीक्षा से पहले ही प्रश्न पत्र आरोपियों तक पहुंचाया गया था। इसी पेपर के आधार पर दिनेश विश्नोई और सुभाष विश्नोई का सब-इंस्पेक्टर पद पर अवैध रूप से अंतिम चयन हुआ था। एसओजी इस मामले में पेपर लीक गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

दो साल से गिरफ्तारी से बच रहा था आरोपी

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/wSvhwebyp7k?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/wSvhwebyp7k/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

एसओजी के मुताबिक, अतुल विश्नोई गिरफ्तारी से बचने के लिए लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ 22 अप्रैल 2025 को कोर्ट ने स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इसके बाद एसओजी ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। टीम ने कार्रवाई करते हुए 25 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।26 नवंबर को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 30 नवंबर तक पुलिस अभिरक्षा रिमांड पर सौंप दिया गया। अब एसओजी आरोपी से पूछताछ कर पेपर लीक से जुड़े नेटवर्क, लेन-देन और अन्य संदिग्धों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाएगी।

मामले में अब तक 158 गिरफ्तारियां

सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी जगदीश विश्नोई के खिलाफ पहले ही आरोप पत्र पेश किया जा चुका है। वहीं, दिनेश विश्नोई, सुभाष विश्नोई और ओमप्रकाश ढाका के खिलाफ पूरक आरोप पत्र भी कोर्ट में दाखिल किए जा चुके हैं।एसओजी के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 158 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अतुल विश्नोई की गिरफ्तारी को पेपर लीक गिरोह के नेटवर्क की जांच में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस अब रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।