शेखावाटी को मिलेगा यमुना का पानी: राजस्थान-हरियाणा के बीच समझौता, वीडियो में जाने सीकर-चूरू-झुंझुनूं के लिए खुला रास्ता
राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। सीकर, चूरू और झुंझुनूं जिलों तक यमुना का पानी पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय, राजस्थान सरकार और हरियाणा सरकार के बीच मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट (एमओए) पर हस्ताक्षर किए गए।
यह समझौता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुआ। इस दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटील, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एमओए पर हस्ताक्षर किए।
एमओए पर हस्ताक्षर होने के साथ ही अब यमुना का पानी राजस्थान लाने की परियोजना पर आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू किया जाएगा।
परियोजना के तहत शेखावाटी के तीनों जिलों के शहरों और गांवों तक 295 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिसके माध्यम से यमुना का पानी पहुंचाया जाएगा। यह पानी मुख्य रूप से पेयजल आपूर्ति के लिए इस्तेमाल होगा। इसके अलावा चूरू जिले में एक डैम का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे जल संग्रहण और वितरण को बेहतर बनाया जा सके।
समझौते के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि दशकों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि शेखावाटी के तीन जिलों तक यमुना का पानी पहुंचाने की दिशा में यह एमओए एक मील का पत्थर साबित होगा और क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।