RPSC सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा कल से: 12.30 लाख अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, वीडियो में देंखे 27 जिलों में बनाए गए 1221 केंद्र
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आयोजित होने वाली सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा 2026 कल से शुरू होगी। यह राजस्थान में इस साल होने वाली बड़ी भर्ती परीक्षाओं में शामिल है। परीक्षा को लेकर आयोग और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस भर्ती परीक्षा के लिए प्रदेश के 27 जिलों में 1221 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे। आयोग के अनुसार, इस भर्ती के लिए 12 लाख 30 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
9651 पदों पर होगी भर्ती
RPSC सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा कुल 9651 पदों के लिए आयोजित की जा रही है। परीक्षा को चार वर्गों में विभाजित किया गया है और यह 12 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक चलेगी।विषयवार पदों की बात करें तो सबसे अधिक पद गणित विषय में हैं, जबकि सबसे कम पद गुजराती विषय के लिए निर्धारित किए गए हैं।
60 मिनट पहले तक ही मिलेगा प्रवेश
RPSC ने अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र पर प्रवेश को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने के समय से 60 मिनट पहले तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। इसलिए आयोग ने सभी परीक्षार्थियों से समय पर केंद्र पहुंचने की अपील की है।
आधार कार्ड और फोटो आईडी जरूरी
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को मूल आधार कार्ड लेकर जाना अनिवार्य होगा। आयोग ने कहा है कि यदि आधार कार्ड पर लगी फोटो पुरानी या अस्पष्ट है तो अभ्यर्थी अन्य फोटोयुक्त पहचान पत्र भी साथ ले जा सकते हैं।इनमें वोटर आईडी कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस आदि शामिल हैं। पहचान पत्र में नई और स्पष्ट रंगीन फोटो होना जरूरी है।इसके अलावा अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र पर नई रंगीन फोटो लगाकर लानी होगी।
पहले 6500 पदों के लिए जारी हुआ था विज्ञापन
RPSC ने इस भर्ती का मूल विज्ञापन पिछले साल 17 जुलाई 2025 को जारी किया था। उस समय 10 विषयों के कुल 6500 पदों के लिए भर्ती निकाली गई थी।इसके बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग से मिले प्रस्ताव के आधार पर पदों की संख्या बढ़ाकर 10,537 कर दी गई थी। हालांकि, नियमानुसार संशोधन के बाद पदों की संख्या घटाकर अब 9651 कर दी गई है।
परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।RPSC ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।