×

जयपुर में निकली शाही 'मॉक वेडिंग' बारात: बैंड-बाजा, वीडियो में देंखे बग्गी और आतिशबाजी ने बनाया रॉयल माहौल, विदेशी मेहमान भी रह गए हैरान

 

राजधानी जयपुर में रविवार रात एक ऐसी शाही बारात निकली जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। बैंड-बाजे की गूंज, फूलों से सजी बग्गी, पारंपरिक राजस्थानी परिधानों में झूमते बाराती, आतिशबाजी, शाही स्वागत और भव्य वरमाला की रस्म देखकर लोगों को लगा कि किसी शाही परिवार की शादी हो रही है। हालांकि, यह कोई वास्तविक विवाह समारोह नहीं था, बल्कि राजस्थान की समृद्ध वेडिंग संस्कृति को दुनिया के सामने पेश करने के लिए आयोजित की गई 'मॉक वेडिंग' थी। यह अनूठा आयोजन इंटरनेशनल वेडिंग एंड टूरिज्म कॉन्क्लेव (IWTC) के तहत जयपुर के फेयरमोंट होटल में किया गया। इसका उद्देश्य राजस्थान को दुनिया के सबसे आकर्षक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में प्रमोट करना और राज्य की वेडिंग इंडस्ट्री की भव्यता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करना था।

शाही अंदाज में हुई दूल्हे की एंट्री

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/sQ9uSwX4eWg?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/sQ9uSwX4eWg/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

कार्यक्रम की शुरुआत शाम होते ही शाही अंदाज में हुई। फूलों से सजी बग्गी पर सवार दूल्हे की एंट्री ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सजे बाराती बैंड की धुनों पर नाचते-गाते होटल परिसर तक पहुंचे।प्रसिद्ध शंकर बैंड की मधुर धुनों और बारात एंड व्हील्स के संगीत ने पूरे माहौल को उत्सव में बदल दिया। करीब आधे घंटे तक बाराती पूरे जोश और उत्साह के साथ नाचते रहे, जिससे आयोजन में शामिल मेहमान भी खुद को थिरकने से नहीं रोक सके।

असली शादी जैसा दिखा पूरा आयोजन

इस मॉक वेडिंग की सबसे खास बात इसकी वास्तविकता थी। बारात से लेकर स्वागत, जयमाला और पूरे आयोजन की साज-सज्जा इतनी भव्य और जीवंत थी कि वहां मौजूद कई लोगों को यह किसी असली शादी से कम नहीं लगी।आतिशबाजी, पारंपरिक स्वागत और राजस्थानी शाही आतिथ्य ने आयोजन को और भी खास बना दिया। होटल में मौजूद मेहमान इस रॉयल अनुभव को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।

विदेशी मेहमानों ने करीब से देखा भारतीय शाही विवाह

कॉन्क्लेव में देश-विदेश से आए वेडिंग प्लानर्स, होटल व्यवसायी, इवेंट एक्सपर्ट्स और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने भारतीय शादियों की भव्यता और राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत का करीब से अनुभव किया।आयोजकों का मानना है कि इस तरह के आयोजन राजस्थान को वैश्विक वेडिंग टूरिज्म हब के रूप में नई पहचान दिलाने में मदद करेंगे। विदेशी मेहमानों ने भी शाही विवाह की परंपराओं, संगीत, सजावट और मेहमाननवाजी की सराहना की।

राजस्थान के वेडिंग टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

राजस्थान पहले से ही डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए दुनिया के सबसे पसंदीदा राज्यों में शामिल है। जयपुर, उदयपुर, जोधपुर और जैसलमेर जैसे शहर हर साल हजारों देशी-विदेशी जोड़ों की शादियों के गवाह बनते हैं।विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की मॉक वेडिंग न केवल राजस्थान की सांस्कृतिक समृद्धि को दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं, बल्कि वेडिंग इंडस्ट्री, होटल व्यवसाय, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।यह आयोजन एक बार फिर साबित करता है कि राजस्थान केवल इतिहास और विरासत का प्रदेश नहीं, बल्कि रॉयल वेडिंग्स की राजधानी के रूप में भी अपनी अलग पहचान रखता है।